एक ही शिविर में हजारों समस्याओं का समाधान! 13 हज़ार आवेदन में से 12 हज़ार से अधिक का निपटारा
रोहतास के संझौली में आयोजित ‘सहयोग शिविर’ में सरकारी योजनाओं और जनसमस्याओं से जुड़े हजारों आवेदन सामने आए। जिला प्रशासन के अनुसार अब तक 13,278 आवेदनों में से 12,282 का निपटारा किया जा चुका है।


मुख्यमंत्री बिहार सम्राट चौधरी के निर्देशानुसार आमजनों की समस्याओं के त्वरित समाधान और सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से मंगलवार को रोहतास जिले के संझौली प्रखंड अंतर्गत संझौली पंचायत सरकार भवन में ‘सहयोग शिविर’ का आयोजन किया गया। शिविर की अध्यक्षता जिला पदाधिकारी दीपक कुमार मिश्रा ने की। इस अवसर पर वरीय पदाधिकारी, संबंधित विभागों के अधिकारी एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। शिविर के दौरान जिला पदाधिकारी ने पात्र लाभुकों के बीच विभिन्न प्रकार के प्रमाण-पत्र एवं प्रोत्साहन राशि का वितरण किया। अभियान बसेरा-02 के तहत 10 लाभुकों के बीच बंदोबस्ती प्रमाण-पत्र भी वितरित किए गए। साथ ही शिविर में प्राप्त कई मामलों का मौके पर ही निष्पादन किया गया।
13,278 आवेदन आए, 12,282 का समाधान
जिला पदाधिकारी ने बताया कि सहयोग शिविर के आयोजन से पूर्व पंचायतों में विशेष अभियान चलाकर आमजनों से शिक्षा, जन्म प्रमाण-पत्र, नल-जल योजना, राशन कार्ड, श्रम कार्ड, भूमि परिमार्जन, भूमि मापी सहित विभिन्न विषयों से संबंधित आवेदन प्राप्त किए गए थे। प्राप्त आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर संबंधित विभागों द्वारा निष्पादन किया गया है।
उन्होंने जानकारी दी कि जिले में आयोजित सहयोग शिविरों एवं ऑनलाइन माध्यम से अब तक कुल 13,278 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें से 12,282 आवेदनों का निपटारा किया जा चुका है। शेष आवेदनों पर भी संबंधित विभागों द्वारा निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्रवाई की जा रही है।
हर आवेदन का समय पर हो समाधान’
डीएम ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि सहयोग शिविरों में प्राप्त प्रत्येक आवेदन एवं शिकायत का समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है। साथ ही लोगों से अपील की कि वे अपनी समस्याओं एवं शिकायतों को ऑनलाइन माध्यम से भी दर्ज कराएं, ताकि उनका शीघ्र संज्ञान लेते हुए नियमानुसार समाधान किया जा सके।
(रोहतास से विकाश चंदन की रिपोर्ट)

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

बिहार में बड़ा IPS फेरबदल! 18 अफसरों का ट्रांसफर, AK-47 मामले के बाद सीवान SP भी हटे

किताबों से फिर गुलजार हुआ नालंदा, 14 स्टॉल पर सजीं देश-दुनिया की नई और दुर्लभ किताबें







