'एक भी वोटर छूटे नहीं': हेमंत सोरेन ने कार्यकर्ताओं को SIR प्रक्रिया में सक्रिय होने का दिया निर्देश
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा हेतु हर योग्य नागरिक का नाम मतदाता सूची में जुड़वाने और त्रुटियां सुधारने पर जोर दिया. पार्टी ने भाजपा पर वंचित समाज के मताधिकार छीनने का आरोप लगाया है.

Ranchi/Jharkhand: झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के केंद्रीय अध्यक्ष सह मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में बुधवार को कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवास पर एक महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई. 12 जिलों के सांसदों, विधायकों और पदाधिकारियों के साथ हुई इस बैठक का मुख्य केंद्र विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) और आगामी जनगणना जैसे मुद्दे रहे. मुख्यमंत्री ने पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए स्पष्ट कहा कि मतदाता सूची में नाम जुड़वाना केवल एक प्रक्रिया नहीं, बल्कि नागरिकों के लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा का मिशन है.
बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने का संकल्प
मुख्यमंत्री ने बंगाल और बिहार जैसे पड़ोसी राज्यों की स्थितियों का हवाला देते हुए संगठन को जिला, प्रखंड और पंचायत स्तर तक धारदार बनाने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि "एक भी वोटर छूटे नहीं" के संकल्प के साथ कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर पर मुस्तैद रहना होगा. बैठक में नगर और महानगर कमेटियों को भी अधिक सक्रिय करने पर बल दिया गया, ताकि SIR से उत्पन्न होने वाली किसी भी राजनीतिक चुनौती का सामना किया जा सके.
भाजपा की नीति और नीयत पर सवाल
बैठक के दौरान झामुमो पदाधिकारियों ने भाजपा पर तीखा हमला बोला. पार्टी का आरोप है कि भाजपा SIR की आड़ में आदिवासी, मूलवासी, पिछड़ों और वंचितों के मताधिकार छीनने का षडयंत्र रच रही है. झामुमो नेताओं ने आशंका जताई कि मताधिकार छीनने के बाद इन वर्गों को राशन कार्ड और पेंशन जैसी बुनियादी सुविधाओं से भी वंचित किया जा सकता है.
पार्टी महासचिव विनोद कुमार पांडेय द्वारा संचालित इस बैठक में कल्पना सोरेन, मथुरा प्रसाद महतो, और सुप्रियो भट्टाचार्य सहित कई दिग्गज नेता उपस्थित रहे.
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

JAC 10th Result 2026: JAC बोर्ड के 10वीं का रिजल्ट जारी, 95 प्रतिशत स्टुडेंट पास, यहां से चेक कर सकते हैं परिणाम

Giridih: जमीन माफिया वन भूमि पर कर रहे कब्जे की तैयारी, अंचल अधिकारी ने LRDC को पत्र लिख की जमाबंदी रद्द करने की मांग







