BIHAR (MUNGER) : मुंगेर जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत गंगा पार कुतलूपुर पंचायत निवासी एक नाबालिग लड़की की गला दबा कर हत्या कर दी गयी. पुलिस ने उसका शव पड़ोस में रहने वाली काजल कुमारी के घर से बरामद किया है. परिजनों ने काजल कुमारी पर उसकी हत्या करने का आरोप लगाया है. बताया जाता है कि नाबालिग लड़की के समलैंगिक संबंध बनाने से इंकार करने पर उसकी हत्या कर दी गयी.
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
जानकरी के अनुसार काजल 16 वर्षीय नाबालिग लड़की की रिश्ते में गांव की फुआ लगती थी. दोनों में बेहतर संबंध था. शनिवार की रात करीब सात बजे वह काजल के घर गयी थी. कुछ देर बाद काजल ने ही उसके घर वालों को बताया कि नाबालिग ने उसके घर में फांसी लगा ली है. परिजन जब उसके घर गये तो देखा जमीन पर लड़की मृत पड़ी हुई है. सूचना पर मुफस्सिल थाना पुलिस एफएसएल टीम के साथ पहुंची. एफएसएल की टीम ने मौके से कई साक्ष्य इकट्ठा किया. जब पुलिस ने काजल की खोज की, तो वह लापता मिली. घर में केवल उसके बुजुर्ग पिता थे. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया और काजल का पता लगाकर देर शाम कुतलुपुर गांव से गिरफ्तार कर लिया.

‘समलैंगिकता का विरोध करने पर हुई हत्या’
मृतका के चचेरे भाई ने आरोप लगाया है कि काजल कुमारी ने उसकी बहन की गला घोंट कर हत्या कर दी, क्योंकि काजल समलैंगिक विचारधारा की है और बाल कटा कर लड़कों की तरह रहती है. गांव में कई घरों की महिलाओं के साथ दबाव देकर समलैंगिक संबंध बना चुकी है. उसकी बहन पर भी वह समलैंगिक संबंध में रहने के लिए दबाव बना रही होगी, जब वह नहीं मानी, तो गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी. घटना के बाद वह घर से फरार है. वहीं ग्रामीणों ने बताया कि कई महिलाओं के साथ काजल का समलैंगिक संबंध है. वह लंबे समय से लड़कियों को आर्थिक मदद या लोन का झांसा देकर अपने प्रभाव में लेती थी और उसके साथ वह समलैंगिक रहते हुए अनैतिक संबंध बनाती थी.

प्रथम दृष्टया गला घोंट कर हत्या का मामला : SDPO
एसडीपीओ सदर अभिषेक आनंद ने बताया कि मुफ्फसिल थाना क्षेत्र में एक नाबालिग की मौत की सूचना पर मुफस्सिल थाना पुलिस एफएसएल टीम के साथ मौके पर पहुंची, जहां नाबालिग मृत मिली. उन्होंने प्रथम दृष्टया इसे गला घोंट कर हत्या का मामला बताया है. एसडीपीओ ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर स्थिति स्पष्ट हो जायेगी. समलैंगिकता की बात पर उन्होंने कहा कि परिजनों व ग्रामीणों से पूछताछ में यह बात सामने आयी है, लेकिन परिजनों द्वारा जो आरोप लगाया जा रहा है, वह अगर सच साबित हुआ, तो सख्त कार्रवाई की जायेगी. पुलिस हरेक बिंदु पर जांच कर रही है. आरोपी युवती को गिरफ्तार कर लिया गया है.
रिपोर्ट : सुमित कुमार








