Jharkhand (Jamshedpur): जमशेदपुर के बर्मामाइंस थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में ढाई साल के मासूम बच्चे की मौत हो गई. घटना गुरुद्वारा मेन रोड की है, जहां एक कार की चपेट में आने से बच्चे की जान चली गई. पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है.
मिली जानकारी के अनुसार मृत बच्चे का नाम आरूष था, जो स्टार टॉकीज के पास स्थित बस्ती का रहने वाला था. शनिवार को वह अपनी मां के साथ अपने बड़े भाई को स्कूल से लाने गया हुआ था.
बताया जा रहा है कि घटना के समय आरूष सड़क किनारे अपनी मां के पास बैठा हुआ था. इसी दौरान वह अचानक दौड़कर सड़क पार कर गया और वापस लौटने के क्रम में एक कार की चपेट में आ गया. हादसे के बाद कार चालक ने तुरंत गाड़ी रोक दी, लेकिन तब तक बच्चा गंभीर रूप से घायल हो चुका था.
घटना में आरूष का सिर कार के पहिए से बुरी तरह कुचल गया. स्थानीय लोगों की मदद से उसे तुरंत इलाज के लिए टाटा मेन हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया.
बताया जा रहा है कि हादसे के समय सड़क के बीचों-बीच एक टेंपो खड़ा था, जिसके कारण कार चालक को बच्चा दिखाई नहीं दिया. यदि सड़क के बीच टेंपो खड़ा नहीं होता तो शायद इस हादसे को टाला जा सकता था. लेकिन सवाल कार चालक की सतर्कता को लेकर भी खड़ी होती है. कार उतनी तेज रफ्तार में नहीं थी, कि उसे नियंत्रित नहीं किया जा सकता था. जानकारी के अनुसार कार चालक अपनी गाड़ी छोड़कर फरार है, पुलिस उसकी तलाश कर रही है.
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है.
रिपोर्ट: बिनोद केसरी






