मां, बेटा और बहू..., तीनों मिलकर उड़ा रहे थे श्रद्धालुओं के सोने के जेवर ; गिरिडीह में पकड़ा गया चोरों का फैमिली गैंग
गिरिडीह जिले के तिसरी प्रखंड अंतर्गत मशहूर धार्मिक स्थल जमामो मंदिर में पूजा करने आने वाले श्रद्धालुओं के सोने के जेवर चुराने वाले एक बड़े अंतरराज्यीय गिरोह को पुलिस ने दबोच लिया है।


Giridih: गिरिडीह जिले के तिसरी प्रखंड अंतर्गत मशहूर धार्मिक स्थल जमामो मंदिर में पूजा करने आने वाले श्रद्धालुओं के सोने के जेवर चुराने वाले एक बड़े अंतरराज्यीय गिरोह को पुलिस ने दबोच लिया है। पुलिस ने मामले में एक पुरुष और तीन महिलाओं समेत कुल चार शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए सभी आरोपी बिहार के नवादा जिले के सिरदला थाना क्षेत्र अंतर्गत प्रतापपुर के रहने वाले हैं। इनमें से तीन आरोपी एक ही परिवार के सदस्य—मां, बेटा और बहू हैं।
मां, बेटा और बहू मिलकर चला रहे थे चोरी का धंधा
एसडीपीओ (SDPO) अमरेंद्र कुमार और तिसरी थाना प्रभारी ने संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में प्रतापपुर निवासी अंशु कुमारी, ट्विंकल मिश्रा (पिता- विक्की मिश्रा), उसकी मां सरिता देवी और ट्विंकल की पत्नी मुस्कान देवी शामिल हैं। पुलिस ने चारों आरोपियों के पास से श्रद्धालुओं से चुराई गई एक सोने की चेन, एक सोने का लॉकेट और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
CCTV फुटेज से खुला राज, किराए के मकान से पकड़ी गई पहली आरोपी
पुलिस के अनुसार, जमामो मंदिर में लगातार हो रही चोरी की शिकायतों के बाद मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। फुटेज में संदिग्ध दिखने के बाद पुलिस ने सबसे पहले अंशु कुमारी की पहचान की और उसे धर दबोचा। अंशु कुमारी इसी इलाके के डोरंडा में किराए का मकान लेकर रह रही थी और वहीं से मंदिर में आने-जाने वाले भक्तों की रेकी करती थी।
बिहार के नवादा में पुलिस की रेड, पूरे परिवार को दबोचा
हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ करने पर अंशु कुमारी ने अपने बाकी तीनों साथियों के नाम उगल दिए। इसके बाद तिसरी थाना पुलिस की टीम ने तुरंत बिहार के नवादा जिले के सिरदला थाना क्षेत्र अंतर्गत प्रतापपुर गांव में विक्की मिश्रा के घर छापेमारी की। पुलिस ने मौके से ट्विंकल मिश्रा, उसकी मां सरिता देवी और पत्नी मुस्कान देवी को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब यह पता लगा रही है कि इस गिरोह ने इलाके के अन्य किन-किन मंदिरों में चोरी की वारदातों को अंजाम दिया है।

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.









