हिन्दू उठाते आ रहे हैं सैकड़ों वर्षों से ताजिया, मोकामा का दरबे गांव हिन्दू-मुस्लिम एकता की मिसाल
मोकामा के इस गांव में हिन्दू समुदाय सैकड़ों वर्षों से मुस्लिम समुदाय के साथ मिलकर ताजिया उठाते हैं. गांव में एक ओर दुर्गाबाड़ी है तो दूसरी ओर मजार. लेकिन गांव वाले बिना किसी विवाद के कोई भी त्योहार मिलजुलकर मनाते हैं.

Mokama Muharram News : बिहार का एक ऐसा गांव जहां हिन्दू भी मनाते हैं मुहर्रम का त्योहार, ताजिया भी उठाते हैं और हिन्दू-मुस्लिम साथ-साथ मिलजुलकर रहते हैं. बाहुबली के नाम से मशहूर मोकामा विधायक अनंत सिंह के विधानसभा क्षेत्र में स्थित इस गांव का नाम दरबे है. स्थानीय लोग बताते हैं कि यहां हिन्दुओं के त्योहार में मुस्लिम परिवार बढ़-चढ़कर सहयोग करते हैं. वहीं दूसरी तरफ ईद, मुहर्रम आदि के मौके पर हिन्दू परिवारों की सहभागिता भी उतनी ही जोशो-खरोस के साथ देखने को मिलती है. यहां का यह सौहार्दपूर्ण माहौल आज कोई नई चीज नहीं है. ग्रामीण बताते हैं कि दोनों समुदाय सैकड़ों वर्षों से मिलजुलकर रहते और त्योहार साथ-साथ मनाते आ रहे हैं.
सौहार्द की मिसाल
मोकामा क्षेत्र का यह गांव सौहार्द की मिसाल की तरह देखा जा सकता है. आए दिन देश के विभिन्न हिस्सों से हिन्दू-मुस्लिम विवाद की खबरें आती रहती हैं. वहीं दरबे गांव के लोगों में अलगाव की ऐसी कोई भावना उनके हृदय में वास ही नहीं करती. चाहे हिन्दू हों या मुस्लिम वे कहते हैं कि जब रहते आए हैं साथ-साथ तो त्योहार क्यों अलग-अलग मनाएं, और न कभी धर्म आधारित विवाद ही होता है.
एक ओर दुर्गा स्थान, दूसरी ओर मजार
कर्बला स्थल के एक तरफ मां दुर्गा का प्राचीन मंदिर है, तो दूसरी तरफ बाबा हजरत की मजार. गांव में ताजिया बनाने के लिए सभी ग्रामीण बढ़ चढ़कर चंदा देते हैं. इसके बाद दुर्गा मंदिर के सामने सभी ग्रामीण मिलकर विशाल ताजिया बनाते हैं. फिर गांव के सभी लोग जुटकर ताजिया को कंधों पर उठाकर कर्बला मैदान के चारों तरफ घुमाते हैं. इस दौरान पूरा गांव कर्बला स्थल पर जमा हो जाता है.
(बाढ़ से रविशंकर शर्मा की रिपोर्ट)
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

Nawada News : अधकटी अवस्था में मिला युवक का शव, ट्रेन से कटने के लगाए जा रहे कयास

बेगूसराय में युवक ने किन्नर से रचाई शादी, 5 साल के प्रेम को मिली परिवार से सहमति, नई समस्या आई सामने







