NAXATRA NEWS
GARHWA : गढ़वा मझिआंव के अंचल पदाधिकारी प्रमोद कुमार को एक लड़की के साथ थाना भवन के पास स्थित आवास पर शनिवार को उनकी पत्नी ने श्यामा रानी ने अपने भाइयों और कई परिजनों के साथ फिल्मी अंदाज में पकड़ा. उसके बाद आवास पर करीब 6 घंटे तक हाई वोल्टेज ड्रामा चला.
सीओ की पत्नी श्यामा रानी ने अपने पति पर दूसरी महिला के साथ रहने का आरोप लगाते हुए सीओ को उनके आवास में बाहर से ताला बंद कर दिया. साथ ही उनके आवास के बाहर चारो तरफ से घेराव कर दरवाजे पर बैठ गई. सुबह होते ही आस-पास के लोगों की काफी संख्या में भीड़ इकट्ठा हो गई. इसके बाद सीओ और उनके ससुराल पक्ष में जमकर हंगामा हुआ. इसी बीच दरवाजा बाहर से बंद पाकर खिड़की से सीओ और उनकी पत्नी के बीच काफी गरमा-गरम बहसबाजी भी हुई. सूचना पाकर थाना प्रभारी ओमप्रकाश टोप्पो एवं एएसआई कामेश्वर राम भी सीओ आवास पहुंचे. तबतक सीओ दरवाजा बंद पाकर सीढ़ी के माध्यम से प्रथम तल से होते हुए बालकोनी से नीचे आने लगे. जिसके बाद पत्रकार और एएसआई ने उन्हें पकड़कर नीचे उतारा.
सीओ के बाहर आते ही सभी के सामने बंद ताले को खोलकर सीओ के आवास से पलामू जिले के चंदवा थाना क्षेत्र की लगभग 30 वर्षीय महिला को निकालकर महिला पुलिस ने हिरासत में लेकर गढ़वा महिला थाना भेज दिया. इस दौरान सीओ प्रमोद कुमार ने अपने ससुराल वालों पर उनसे मारपीट करने का भी आरोप लगाया. लगभग छह घंटे तक सीओ आवास पर हाई वोल्टेज ड्रामा चला. इसके बाद सीओ की पत्नी के बुलावे पर उनके पिता गया संसदीय क्षेत्र के पूर्व सांसद रामजी माझी आये.इसके बाद सभी लोग थाना गए.
सीओ की पत्नी श्यामा रानी ने बताया कि उनके पति का पूर्व में भी एक महिला से अवैध संबंध था, जिसके बाद कंप्रोमाइज किया गया था. बाद में हम सभी के प्रयास से इस विवाद को खत्म कराया गया और इस दौरान उनके पति द्वारा ऐसा कोई भी कार्य नहीं करने की बात कही गई थी, लेकिन वे नहीं सुधरे. उन्होंने कहा कि सूचना मिलने पर वे मझिआंव आई थी और देखी की उनके पति किसी अन्य महिला के साथ उनके बेडरूम में आपत्तिजनक स्थिति में है. इसके बाद मैंने आवास के बाहर ताला बंद कर दिया. थाना की पुलिस के पहुंचने पर उन्होंने ताला खोलकर चंदवा की मुस्कान शर्मा निकली, जिसे पुलिस ने हिरासत में ले लिया. उन्होंने कहा कि वे गया जाकर इस घटना की प्राथमिकी दर्ज कराएगी.
मामले में सीओ के ससुर सह पूर्व सांसद रामजी माझी ने बताया कि प्रतिष्ठित पद पर होते हुए भी उन्हें इस तरह नहीं करना चाहिए था.वहीं डीएसपी नीरज कुमार ने बताया कि मझिआंव सीओ एवं उनकी पत्नी के बीच नोंकझोंक हुई है. आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है, आवेदन मिलने पर कार्रवाई की जाएगी.
थाना प्रभारी ओमप्रकाश टोप्पो ने बताया कि सीओ की पत्नी के द्वारा कोई आवेदन नहीं मिला है, जबकि सीओ प्रमोद कुमार द्वारा अपनी पत्नी श्यामा रानी एवं अन्य तीन लोगों के खिलाफ उनके साथ मारपीट करने का आरोप लगाते हुए आवेदन पत्र दिया गया है, इसकी छानबीन कर कार्रवाई की जा रही है.









