सुदिव्य सोनू की याद में गिरिडीह JMM कार्यालय में जुटे नेता-कार्यकर्ता
दिवंगत मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू को याद करने और उन्हें श्रद्धांजलि देने का सिलसिला जारी है।

Giridih: दिवंगत मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू को याद करने और उन्हें श्रद्धांजलि देने का सिलसिला जारी है। इसी कड़ी में गुरुवार को गिरिडीह स्थित JMM जिला कार्यालय में शोकसभा का आयोजन किया गया, जहां जिला अध्यक्ष संजय सिंह के नेतृत्व में बड़ी संख्या में पार्टी नेता और कार्यकर्ता पहुंचे और अपने दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि दी।
‘जनता के लिए बड़े भाई और बेटे जैसे थे’
शोकसभा को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष संजय सिंह ने कहा कि सुदिव्य कुमार सोनू के लिए जनता सिर्फ वोटर नहीं थी, बल्कि वह उनके साथ परिवार जैसा रिश्ता रखते थे। उन्होंने कहा कि लोगों के बीच उनकी भूमिका एक मंत्री से कहीं ज्यादा थी, वे किसी के लिए बड़े भाई तो किसी के लिए बेटे की तरह खड़े रहते थे।
संजय सिंह ने कहा कि सुदिव्य सोनू का निधन गिरिडीह JMM के लिए बड़ी क्षति है, जिसकी भरपाई आसान नहीं होगी।
तस्वीर पर माल्यार्पण, दो मिनट का मौन
कार्यकर्ताओं ने दिवंगत मंत्री की तस्वीर पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इसके बाद सभी ने दो मिनट का मौन रखा और उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
इस दौरान पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं के बीच माहौल काफी भावुक रहा और कई लोगों ने सुदिव्य कुमार सोनू से जुड़ी अपनी यादें भी साझा कीं।
कई प्रमुख नेता रहे मौजूद
शोकसभा में अजीत कुमार पप्पू, मेयर प्रमिला मेहरा, डिप्टी मेयर, कृष्ण मुरारी शर्मा, मुमताज तूफान, शाहनवाज अंसारी, अभय सिंह, रॉकी सिंह, राकेश रंजन और पवन सिंह समेत बड़ी संख्या में JMM नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.






