सड़क पर खड़े टैंकरों पर खूंटी प्रशासन का एक्शन, 45 हजार का किया चालान
खूंटी-चाईबासा मार्ग NH-75E पर अनधिकृत रूप से खड़े टैंकरों के खिलाफ जिला परिवहन विभाग ने कार्रवाई की। वाहनों को हटवाने के साथ नियम उल्लंघन पर कुल 45 हजार रुपये का चालान किया गया।

Khunti: उपायुक्त के निर्देश पर जिला परिवहन विभाग ने गुरुवार को खूंटी-चाईबासा मार्ग (NH-75E) पर अनधिकृत रूप से खड़े टैंकर वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की। इंडियन ऑयल डिपो अनिगड़ा के पास चले इस अभियान में सड़क किनारे खड़े टैंकरों को हटवाया गया। कार्रवाई के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों पर कुल 45 हजार रुपये का चालान किया गया।
DTO के नेतृत्व में चला अभियान
जिला परिवहन पदाधिकारी (DTO) हरिशंकर बारी, अंचल अधिकारी और मुरहू थाना प्रभारी की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर सड़क पर खड़े टैंकरों की जांच की। टीम ने मार्ग को बाधित कर रहे वाहनों को हटवाया और चालकों को सख्त निर्देश दिए।
अधिकारियों ने बताया कि भारी वाहनों की अनधिकृत पार्किंग से सड़क की सतह को नुकसान पहुंच रहा है। इसके साथ ही यातायात व्यवस्था प्रभावित होने के साथ दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है।
सड़क पर टैंकर खड़ा किया तो होगी कार्रवाई
अभियान के दौरान वाहन चालकों को स्पष्ट निर्देश दिया गया कि टैंकरों को केवल निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही खड़ा करें। मुख्य सड़क पर किसी भी हालत में वाहन पार्क नहीं करने को कहा गया है।
प्रशासन ने संकेत दिया है कि आगे भी सड़क पर अनधिकृत पार्किंग के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।
IOCL प्रबंधन के साथ हुई बैठक
कार्रवाई के बाद जिला प्रशासन की टीम ने इंडियन ऑयल के महाप्रबंधक के साथ बैठक की। इसमें डिपो परिसर के बाहर टैंकरों की पार्किंग को लेकर आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
सड़क हादसे रोकने के लिए लगातार चलेगा जांच अभियान
DTO हरिशंकर बारी ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के उद्देश्य से जिले में लगातार वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है। साथ ही सड़क की खराब स्थिति की मरम्मत कराने के लिए कार्यपालक अभियंता, राष्ट्रीय राजमार्ग, पथ प्रमंडल चाईबासा को पत्र भेजा गया है।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

गढ़वा में गजब का फर्जीवाड़ा!, 30 टन मक्का बेचकर रचा एक्सीडेंट का नाटक, बकाया पैसा लेने पहुंचा चालक गिरफ्तार

"CID जांच सही तरीके से नहीं हो रही...", JPSC-JSSC परीक्षा रद्द करने और CBI जांच के लिए हाईकोर्ट में PIL दायर







