Jharkhand (Giridih): गिरिडीह जेएमएम के 53वें स्थापना दिवस समारोह सोमवार को झंडा मैदान में मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत पार्टी के संस्थापक दिशोम गुरु शिबू सोरेन की तस्वीर पर माल्यार्पण कर की गई. इस अवसर पर कार्यक्रम में विशेष उपस्थिति गांडेय विधायक और सीएम की पत्नी कल्पना सोरेन की थी.

अपने संबोधन में कल्पना सोरेन ने पार्टी के इतिहास पर बात करते हुए संघर्ष को याद किया, आंदोलनकारी नेताओं के योगदान को याद किया. उन्होंने कहा पार्टी का स्थापना दिवस कोई आम दिन नहीं है, बल्कि झारखंड के उन आंदोलनकारियों को समर्पित एक विशेष तारीख है, जिन्हें भुला दिया गया है. उन्होंने अपने झारखंड के शुरुआती दिनों को याद किया. कहा कि गिरिडीह के इसी झंडा मैदान से कल्पना सोरेन को हिम्मत मिली थी, राजनीति में जनता के प्रति कुछ अच्छा करने की और आगे बढ़ने की. उन्होंने कहा कि झारखंड ने कल्पना को बेटी के रूप में गोद लिया.

कल्पना सोरेन ने कहा कि अपने वजूद की लड़ाई के लिए जेल तक जाना पड़ता है, जो झारखंड के आंदोलनकारियों ने राज्य की उन्नति के लिए कर के दिखाया.
सीएम हेमंत सोरेन की बात करते हुए उन्होंने कहा कि जिस पीढ़ी से वे आते हैं उसमें संघर्षों की कई गाथाएं उनके रूप में सांस लेती हैं. तीसरी पीढ़ी के तौर पर उनके कंधों पर भी काफी जिम्मेदारी है. जेएमएम ने झारखंड निर्माण में कई लड़ाईयां लड़ी हैं और सीएम हेमंत सोरेन आदिवासी व झारखंड हित में आज भी संघर्षरत हैं. उन्होंने बताया कि सीएम 2025 तक झारखंड को विकसित बनाने के सपने को पूरा करने में जुटे हुए हैं.

कल्पना सोरेन ने झंडा मैदान में मौजूद जनसमूह से हेमंत सरकार के साथ खड़ा होने का अपील की. साथ ही युवाओं से राज्य हित में आगे आने का आह्वान किया.
कार्यक्रम में राज्य नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू भी मौजूद थे. जिन्होंने अपने अभिभाषण में शिबू सोरेन से जुड़ी चर्चा की. उन्होंने कहा कि दिशोम गुरु ने अपने पसीने से जिस जेएमएम को सींचा था, वह अब बड़ा पौधा बन चुका है.
समारोह के दौरान अन्य गणमान्य टुंडी विधायक मथुरा महतो, पूर्व मंत्री बेबी देवी, महापौर प्रमिला मेहरा, पूर्व विधायक निजामुद्दीन अंसारी, जमुआ के पूर्व विधायक केदार हाजरा, जेएमएम जिला अध्यक्ष संजय सिंह, अजीत कुमार पप्पू, कोडरमा की जेएमएम नेत्री शालिनी गुप्ता, प्रणव वर्मा भी उपस्थित थे.
रिपोर्ट: मनोज कुमार पिंटू









