पहचान रहेगी गुप्त, मिलेगा लाखों का इनाम!, झारखंड पुलिस ने तेज की नक्सलियों की तलाश, जारी किए हेल्पलाइन नंबर
पूर्वी सिंहभूम में झारखंड पुलिस ने छह इनामी नक्सलियों की तलाश तेज कर दी है। पुलिस ने पोस्टर जारी कर सूचना देने वालों को इनाम और पहचान गुप्त रखने का भरोसा दिया है।

Jharkhand Police: पूर्वी सिंहभूम जिला पुलिस ने इलाके और आसपास के क्षेत्रों में सक्रिय भाकपा (माओवादी) के हार्डकोर नक्सलियों को पकड़ने के लिए बड़ा अभियान शुरू किया है। सोमवार को पटमदा थाना प्रभारी विष्णु चरण भोगता की टीम ने ओपो, बाटालुका, मोहनपुर, बूढ़ीगोड़ा, जेरका, सारी, राजाबासा और जामडीह समेत कई गांवों और बाजारों में सघन अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस ने चौक-चौराहों और दुकानों पर वांटेड नक्सलियों के पोस्टर चिपकाए और आम लोगों से उनकी धरपकड़ में मदद की अपील की।
1 करोड़ से लेकर 2 लाख रुपये तक के इनामी हैं ये 6 नक्सली
पुलिस की ओर से जारी किए गए पोस्टरों में फरार और वांटेड नक्सलियों के नाम, पते और उन पर घोषित इनाम की पूरी जानकारी दी गई है। इनमें पश्चिम बंगाल के पश्चिमी मेदिनीपुर निवासी असीम मंडल उर्फ आकाश पर 1 करोड़ रुपये, झाड़ग्राम के मंगल सिंह सरदार उर्फ मंगल महतो पर 15 लाख रुपये और उसकी पत्नी मालती मुर्मू उर्फ मालुती पर 10 लाख रुपये का इनाम घोषित है। वहीं पटमदा के झुंझका निवासी राम प्रसाद मार्डी उर्फ सचिन पर 5 लाख रुपये तथा पश्चिम बंगाल की बुलू महतो उर्फ गौरी और मीता उर्फ नयनतारा पर दो-दो लाख रुपये का इनाम रखा गया है।
सूचना देने वाले को मिलेगा इनाम, पहचान रखी जाएगी पूरी तरह गुप्त
अभियान के दौरान पुलिस ने दुकानदारों और ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि इन नक्सलियों के बारे में सही और पक्की जानकारी देने वाले को सरकार की तरफ से तय इनाम की राशि दी जाएगी। इसके साथ ही सूचना देने वाले का नाम और पहचान पूरी तरह सीक्रेट (गोपनीय) रखी जाएगी ताकि उनकी सुरक्षा को कोई खतरा न हो।
संदिग्ध हलचल दिखने पर तुरंत इन नंबरों पर दें खबर
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या नक्सली गतिविधि को देखते ही बिना डरे तुरंत पुलिस को जानकारी दें। इसके लिए पुलिस ने हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए हैं। लोग वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) पूर्वी सिंहभूम के मोबाइल नंबर 9431706480 या पुलिस अधीक्षक ग्रामीण (Rural SP) के मोबाइल नंबर 9470199228 पर सीधे फोन करके जानकारी दे सकते हैं।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.









