बोकारो DC के जनता दरबार से लौटी उम्मीद, मूक-बधिर अतुल को सुंदरम स्टील में मिली जॉब, छलके खुशी के आंसू
बोकारो के जनता दरबार में दादी की फरियाद पर प्रशासन ने पहल की। मूक-बधिर दिव्यांग युवक अतुल को सुंदरम स्टील में मैनेजमेंट असिस्टेंट की नौकरी मिली और नियुक्ति पत्र सौंपा गया।

Bokaro: बोकारो जिला प्रशासन के जनता दरबार ने एक बेबस और जरूरतमंद परिवार की जिंदगी में खुशियों की नई रोशनी भर दी है। सेक्टर-12 थाना क्षेत्र अंतर्गत हनुमान नगर के रहने वाले मूक-बधिर दिव्यांग युवक अतुल को सुंदरम स्टील के गेस्ट हाउस में मैनेजमेंट असिस्टेंट के पद पर पक्की नौकरी मिल गई है। उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक के हाथों जैसे ही अतुल को जॉइनिंग लेटर मिला, पास खड़ी उसकी बुजुर्ग दादी अपने आंसुओं को रोक नहीं पाईं और उनकी आंखों से खुशी के आंसू छलक पड़े।
तीन दिव्यांग पोतों का बोझ और दादी का दर्द
इस उम्मीद भरी कहानी की शुरुआत तब हुई जब अतुल की बुजुर्ग दादी खेतनी देवी अपनी लाचारी और परिवार का भारी दर्द लेकर सीधे उपायुक्त के जनता दरबार में पहुंची थीं। उन्होंने कांपते हाथों और नम आंखों से डीसी को अपनी आपबीती सुनाई। खेतनी देवी ने बताया कि उनके तीन पोते हैं और बदकिस्मती से तीनों ही दिव्यांग हैं। घर में कोई दूसरा कमाने वाला नहीं होने के कारण पूरे परिवार का पेट भरना और रोजमर्रा का खर्च चलाना एक पहाड़ जैसी चुनौती बन चुका था। बुजुर्ग महिला की यह दर्दनाक दास्तान सुनकर उपायुक्त भी भावुक हो गए।
उपायुक्त ने तुरंत उठाया कदम, सुंदरम ग्रुप से की बात
दादी की फरियाद सुनने के बाद उपायुक्त ने मामले को सिर्फ कागजों में उलझाने के बजाय फौरन समाधान निकालने का फैसला किया। उन्होंने जिले के प्रमुख औद्योगिक घराने सुंदरम ग्रुप के शीर्ष अधिकारियों से सीधे संपर्क किया और परिवार की माली हालत का हवाला देते हुए युवक को योग्यता के अनुसार काम देने की बात कही। कंपनी प्रबंधन ने भी मामले की संवेदनशीलता को समझा और अतुल को अपने गेस्ट हाउस में मैनेजमेंट असिस्टेंट की जिम्मेदारी सौंपने का फैसला किया।
DC और SP ने खुद सौंपा नियुक्ति पत्र, भावुक हुआ परिवार
इसके बाद उपायुक्त कार्यालय में एक सादे कार्यक्रम का आयोजन हुआ, जहां सुंदरम स्टील के एडमिनिस्ट्रेशन एचआर जीएम आर.पी. शर्मा समेत कंपनी के अन्य बड़े अधिकारी पहुंचे। बोकारो उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक की मौजूदगी में पूरे सम्मान के साथ अतुल को नियुक्ति पत्र सौंपा गया। हाथ में जॉइनिंग लेटर आते ही दादी खेतनी देवी हाथ जोड़कर भावुक हो उठीं। उन्होंने उपायुक्त और जिला प्रशासन का दिल से आभार जताते हुए कहा कि इस एक मदद ने उनके पूरे परिवार को डूबने से बचा लिया है और अब उनका घर सम्मान के साथ चल सकेगा।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

सरायकेला पुलिस को मिले 19 नए बोलेरो पेट्रोलिंग वाहन

छूटे हुए वोटरों के नाम जोड़ने में लाएं तेजी, चुनाव आयोग का सख्त निर्देश, 2 दिन के भीतर राजनीतिक दलों संग करें बैठक







