Jharkhand (Godda): जिले के हनवारा थाना क्षेत्र में विद्या की देवी मां सरस्वती की पूजा को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है. पूजा के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से हनवारा थाना प्रभारी ध्रुव कुमार सिंह ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की और विभिन्न पूजा स्थलों का निरीक्षण किया.
थाना प्रभारी ध्रुव कुमार सिंह ने कहा कि सरस्वती पूजा विशेष रूप से छात्रों से जुड़ा पर्व है. ऐसे में पूजा के दौरान किसी तरह की अप्रिय घटना न केवल अशोभनीय होगी, बल्कि इसका असर छात्रों की सुरक्षा और पढ़ाई पर भी पड़ सकता है. उन्होंने आयोजकों से अपील की कि मूर्ति विसर्जन समय पर किया जाए, ताकि सुबह अंधेरे में स्कूल जाने वाले छात्र-छात्राओं को किसी तरह की परेशानी न हो.
उन्होंने कहा कि मां सरस्वती ज्ञान और विवेक की देवी हैं, इसलिए पूजा के दौरान अनुशासन और मर्यादा का विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए. पूजा के नाम पर किसी भी तरह की अव्यवस्था या असामाजिक गतिविधि को स्वीकार नहीं किया जाएगा. सुरक्षा व्यवस्था को लेकर थाना प्रभारी ने स्वयं नरेनी, हनवारा, गढ़ी, गोरगावा, कोयला, परसा और विश्वाखानी सहित कई गांवों में आयोजित सरस्वती पूजा पंडालों का निरीक्षण किया. इस दौरान आयोजकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए और शांतिपूर्ण ढंग से पूजा संपन्न कराने का आग्रह किया गया.









