'अखबार-ए-मशरिक' के दफ्तर पहुंची ED, रांची के कोकर में छापेमारी, फंडिंग की हो रही जांच!
राजधानी रांची से एक बड़ी खबर सामने आ रही है।
Ranchi: राजधानी रांची से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने तृणमूल कांग्रेस (TMC) के राज्यसभा सांसद मोहम्मद नदीमुल हक से जुड़े ठिकानों पर जोरदार कार्रवाई शुरू की है। सोमवार की सुबह जांच एजेंसी की अलग-अलग टीमों ने दिल्ली, कोलकाता और रांची में एक साथ सात ठिकानों पर छापेमारी शुरू कर दी। अचानक हुई इस कार्रवाई से सियासी और मीडिया हलकों में हलचल मच गई है।
सांप्रदायिक सौहार्द और संदिग्ध फंडिंग का पेंच
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, यह पूरी कार्रवाई सामाजिक सौहार्द को प्रभावित करने वाले कंटेंट के पब्लिकेशन, संदिग्ध लेन-देन और कथित तौर पर गलत तरीके से फंड जुटाने की शिकायतों के सिलसिले में की जा रही है। जांच एजेंसी को शक है कि कुछ संदिग्ध वित्तीय सौदों के जरिए ऐसी गतिविधियों को फंड किया गया, जिससे इलाके में शांति और आपसी भाईचारे को नुकसान पहुंच सकता था। फिलहाल एजेंसी इन तमाम आरोपों के पुख्ता सबूत जुटाने में लगी है।
'अखबार-ए-मशरिक' से जुड़ा है पूरा मामला
सांसद मोहम्मद नदीमुल हक उर्दू दैनिक अखबार 'अखबार-ए-मशरिक' के डायरेक्टर हैं। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, ED की यह कार्रवाई पश्चिम बंगाल के बिधाननगर पुलिस स्टेशन में दर्ज एक पुरानी एफआईआर के आधार पर आगे बढ़ाई गई है। इसी केस की कड़ियों को जोड़ते हुए जांच एजेंसी अब सांसद और अखबार के वित्तीय रिश्तों की तह तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।
रांची के कोकर में भी टीम की दबिश
रांची के सदर थाना इलाके में पड़ने वाले कोकर इंडस्ट्रियल एरिया में भी हलचल तेज है। यहां मॉरिश के सामने स्थित उर्दू अखबार 'अखबार-ए-मशरिक' के दफ्तर पर ED की टीम ने सुबह ही डेरा डाल दिया। मौके पर मौजूद अधिकारी दफ्तर के अंदर तमाम फाइलों और रिकॉर्ड्स को खंगाल रहे हैं।
बैंक खातों और बैलेंस शीट की बारीकी से पड़ताल
छापेमारी के दौरान जांच टीमें सांसद और अखबार के मैनेजमेंट से जुड़े लेन-देन के तमाम कागजात जब्त कर जांच रही हैं। बैंक खातों की डिटेल, हाल के दिनों में हुए बड़े ट्रांजैक्शंस और दूसरे फाइनेंशियल डॉक्यूमेंट्स की गहन पड़ताल की जा रही है।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.






