अनाज खाने का बदला लेने के लिए बिछाया बिजली का तार, लातेहार में करंट लगने से हांथी की मौत
लातेहार जिले के बालूमाथ थाना क्षेत्र से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है।
Latehar: लातेहार जिले के बालूमाथ थाना क्षेत्र से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। झाबर पंचायत के कोमर गांव स्थित कुसीटोला में रविवार की रात नंगे बिजली तार की चपेट में आने से एक वयस्क जंगली हाथी की तड़पकर मौत हो गई। मिली जानकारी के अनुसार, करीब एक हफ्ते पहले हाथियों के झुंड ने गांव के रहने वाले बीफा उरांव का घर तोड़ दिया था और अंदर रखा सारा अनाज खा गए थे। इस नुकसान से गुस्साए बीफा ने हाथियों से बदला लेने की नीयत से अपने घर के चारों तरफ नंगे बिजली के तारों का जाल बिछा दिया था।
झुंड देखते ही तारों में दौड़ाया करंट, खुद जाकर छिपा
रविवार की देर रात जब 15 से 16 हाथियों का झुंड दोबारा गांव की तरफ बढ़ा, तो इसकी भनक लगते ही बीफा उरांव ने नंगे तारों में सीधे बिजली का करंट चालू कर दिया। करंट दौड़ाने के बाद वह खुद पकड़े जाने या खतरे के डर से घर से दूर कोमर डैम के पास जाकर छिप गया। इसी दौरान झुंड में शामिल एक विशाल हाथी जैसे ही तारों के संपर्क में आया, जोरदार करंट की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हाथी भगाओ दल के पहुंचने पर खुला मामला
गांव में हाथियों की आमद की खबर मिलते ही 'हाथी भगाओ दल' तुरंत मौके पर पहुंचा और मशाल जलाकर झुंड को जंगल की तरफ खदेड़ने में जुट गया। इसी दौरान टीम की नजर जमीन पर गिरे बेसुध हाथी पर पड़ी, जिसकी जांच करने पर पता चला कि उसकी सांसें थम चुकी हैं। वन समिति के अध्यक्ष सुनील उरांव ने बताया कि हाथियों का झुंड कोमर और आसपास के इलाकों में लगातार फसलों को रौंद रहा था, लेकिन इस तरह नंगे तारों में करंट प्रवाहित कर हाथी की जान लेना बेहद गंभीर और गैरकानूनी कदम है।
मुआवजे को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी, केस दर्ज करेगा वन विभाग
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि हाथियों ने बीते एक महीने में लवलेश सिंह की करीब पांच एकड़ में लगी सब्जी की फसल को भी पूरी तरह तबाह कर दिया था। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि वन विभाग से उन्हें नुकसान के हिसाब से उचित मुआवजा नहीं मिल पाता, जिससे लोगों में काफी रोष रहता है। इधर, वन विभाग के वनरक्षी कैलाश कुमार ने बताया कि मृत हाथी का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। अधिकारियों के मुताबिक वर्ष 2022 में रेन्ची जंगल और 2023 में बघौता में भी हाथियों की जान गई थी, लेकिन करंट लगाकर जान लेने का इस इलाके में यह पहला मामला है। वन विभाग ने साफ कर दिया है कि इस मामले में जांच कर दोषी के खिलाफ सख्त धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.






