वाराणसी से शुरू हुई Easy Connect Flight, 17 देशों से जुड़ेगा सफर
हब एंड स्पोक मॉडल के तहत यात्री वाराणसी में ही पूरा करेंगे चेक-इन और इमिग्रेशन

केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री के. राममोहन नायडू ने गुरुवार को उत्तर प्रदेश के वाराणसी स्थित लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से पहली 'Easy Connect' उड़ान का उद्घाटन किया। एयर इंडिया की फ्लाइट AI1111 के जरिए अब वाराणसी से दिल्ली होते हुए कई अंतरराष्ट्रीय शहरों तक आसानी से पहुंचा जा सकेगा। यह सेवा सरकार के नए हब एंड स्पोक मॉडल के तहत शुरू की गई है, जिसका उद्देश्य छोटे शहरों के यात्रियों को बेहतर अंतरराष्ट्रीय संपर्क उपलब्ध कराना है। मंत्री ने कहा कि अगले छह सप्ताह में छह और शहरों को भी इस मॉडल से जोड़ा जाएगा।
नई व्यवस्था के तहत यात्री अपने अंतिम अंतरराष्ट्रीय गंतव्य तक के लिए वाराणसी में ही चेक-इन कर सकेंगे। इमिग्रेशन की प्रक्रिया भी यहीं पूरी होगी। इसके बाद दिल्ली पहुंचने पर यात्रियों को दोबारा सामान लेने या चेक-इन करने की जरूरत नहीं पड़ेगी। यह उड़ान दिल्ली के जरिए लंदन, फ्रैंकफर्ट, सिंगापुर, दुबई, रियाद, जेद्दा, कोलंबो, फुकेत समेत 17 अंतरराष्ट्रीय शहरों से हवाई संपर्क उपलब्ध कराएगी। इससे यात्रा पहले की तुलना में अधिक आसान और तेज होगी।
कार्यक्रम में एयर इंडिया के मुख्य कार्यकारी अधिकारी कैंपबेल विल्सन और नागरिक उड्डयन सचिव समीर कुमार सिन्हा भी मौजूद रहे। एयर इंडिया ने बताया कि आने वाले महीनों में अमृतसर, वडोदरा, मुंबई, हैदराबाद, चेन्नई और विशाखापत्तनम जैसे शहरों को भी इस सेवा से जोड़ा जाएगा। सरकार का मानना है कि इस मॉडल से टियर-2 और टियर-3 शहरों में निवेश, रोजगार और हवाई संपर्क को बढ़ावा मिलेगा।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.









