कुत्तों को पिलाया दूध-मलाई, फिर बंद मकान से उड़ाए 7 लाख के गहने!, गिरिडीह में शातिर चोरों का अजीब कारनामा
गिरिडीह के छोटकी सरिया में चोरों ने अनोखे तरीके से कुत्तों को दूध-मलाई खिलाकर शांत किया और सूने मकान से करीब 7 लाख रुपये के पैतृक जेवर चुरा लिए।

Giridih News : झारखंड के गिरिडीह जिले से चोरी का एक बेहद हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। सरिया थाना क्षेत्र के छोटकी सरिया में अपराधियों ने दुस्साहस और चालाकी की सारी हदें पार करते हुए एक सूने मकान पर धावा बोल दिया। चोरों ने बड़े ही इत्मीनान से पूरे घर को खंगाला और करीब 7 लाख रुपये के कीमती जेवरात समेटकर फरार हो गए। इस वारदात में सबसे दिलचस्प और चौंकाने वाली बात चोरों की 'स्मार्ट प्लानिंग' रही, जिसे सुनकर हर कोई दंग है।
कुत्तों का मुंह बंद करने के लिए किचन से निकाली मलाई
दरअसल, गृह स्वामी राजू मंडल और उनका पूरा परिवार घर पर मौजूद नहीं था। घर को अकेला और खाली पाकर चोरों की नीयत खराब हो गई, लेकिन रास्ते में एक सबसे बड़ी बाधा गली के आवारा कुत्ते थे। कुत्तों के भोंकने से मोहल्ले वाले जाग न जाएं, इसके लिए शातिर चोरों ने एक अनोखा तरीका निकाला। घर में दाखिल होते ही चोर सबसे पहले रसोई (किचन) में पहुंचे और वहां रखा दूध तथा मलाई से भरा बर्तन उठाकर सीधे बाहर ले आए। चोरों ने मलाई से भरा बर्तन गली के कुत्तों के सामने रख दिया। जब कुत्तों का झुंड मलाई चाटने में व्यस्त हो गया और शांत हो गया, तब चोरों ने बिना किसी खौफ के चोरी की घटना को अंजाम दिया।
एक-एक कमरा खंगाला, 7 लाख के पैतृक जेवर पार
गली से घर के अंदर घुसे चोरों ने बिना किसी जल्दबाजी के एक-एक कमरे की बारीकी से तलाशी ली। पीड़ित राजू मंडल ने बताया कि घर में नकदी के नाम पर सिर्फ 7 हजार रुपये रखे थे, लेकिन अलमारियों में उनके पुरखों के पुराने और बेहद कीमती गहने मौजूद थे। शातिर चोरों ने पूरे घर को खंगालकर लगभग 7 लाख रुपये के पैतृक जेवरातों पर हाथ साफ कर दिया। इस दौरान चोरों ने कई सामान घर के बाहर भी फेंक दिए। चोरी किया गया एक बड़ा बक्सा घर से कुछ दूरी पर खेत में पड़ा हुआ मिला।
मामले की जांच में जुटी सरिया थाना पुलिस
घटना के अगले दिन यानी सोमवार की सुबह जब आसपास के लोगों को इस वारदात का पता चला, तो तुरंत इसकी सूचना सरिया थाना पुलिस को दी गई। खबर मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने खेत में फेंके गए बक्से और घर के आसपास से सुराग जुटाने शुरू कर दिए हैं।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

लाठीचार्ज भी नहीं तोड़ सका हौसला! JPSC-JSSC छात्रों का 10वें दिन भी आमरण अनशन जारी

चतरा में नक्सलियों के मददगार पर पुलिस का शिकंजा, मनोहर गंझू का करीबी कुलदीप गिरफ्तार







