लाठीचार्ज भी नहीं तोड़ सका हौसला! JPSC-JSSC छात्रों का 10वें दिन भी आमरण अनशन जारी
JPSC-JSSC परीक्षा सुधार की मांग को लेकर छात्रों का आमरण अनशन 10वें दिन भी जारी है। लाठीचार्ज के बावजूद अभ्यर्थी जयपाल सिंह स्टेडियम में डटे हैं। AJSU प्रमुख सुदेश महतो ने आंदोलन को समर्थन दिया।

JPSC-JSSC Protest: JPSC और JSSC भर्ती परीक्षाओं में सुधार की मांग को लेकर पिछले 18 दिनों से आंदोलन कर रहे छात्र-अभ्यर्थियों का गुस्सा शांत होने का नाम नहीं ले रहा है। 10 अगस्त को हुए पुलिस लाठीचार्ज के अगले दिन मंगलवार को छात्रों ने एक बार फिर रांची के जयपाल सिंह स्टेडियम में मोर्चा संभाल लिया। JPSC-JSSC रिफॉर्म मंच और छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो गुट से जुड़े अभ्यर्थियों ने साफ कर दिया है कि पुलिस की बर्बरता के बावजूद वे पीछे नहीं हटेंगे और अपना आमरण अनशन व सत्याग्रह मजबूती से जारी रखेंगे।
लाठियां खाईं पर नहीं डिगा हौसला, स्टेडियम में डटे अभ्यर्थी
विधानसभा मार्च के दौरान हुए हंगामे के बाद मंगलवार को जयपाल सिंह स्टेडियम में आंदोलन स्थल पर माहौल शांत लेकिन तनावपूर्ण रहा। आंदोलनकारी छात्र बिनोद मेहता और कुणाल प्रताप सिंह ने बताया कि पुलिस लाठीचार्ज से छात्रों का मनोबल टूटा नहीं है, बल्कि वे अब दोगुने जोश के साथ अपनी आवाज उठा रहे हैं। अनशन पर बैठे छात्रों में से राहुल कुमार की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि रूपेश कुमार, सबिता कुमारी और हबीबा का अनशन स्टेडियम में लगातार जारी है।
अस्पताल में भर्ती हैं छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो, 10वें दिन भी भूख हड़ताल जारी
उधर, पुलिसिया कार्रवाई में अस्वस्थ हुए छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो का इलाज रांची के सदर अस्पताल में चल रहा है। साथी छात्रों के मुताबिक उनकी हालत में सुधार तो है, लेकिन उन्होंने अब तक अन्न-जल ग्रहण नहीं किया है। छात्रों की भूख हड़ताल मंगलवार को 10वें दिन में प्रवेश कर गई है। अभ्यर्थियों ने दोहराया कि जब तक JPSC और JSSC से जुड़ी उनकी मांगें पूरी नहीं हो जातीं, तब तक जयपाल सिंह स्टेडियम से यह आंदोलन खत्म नहीं होगा।
AJSU प्रमुख सुदेश महतो पहुंचे धरना स्थल, दिया समर्थन का भरोसा
छात्रों के बढ़ते आंदोलन के बीच मंगलवार को राजनीतिक सुगबुगाहट भी तेज दिखी। AJSU प्रमुख सुदेश महतो समेत कई नेता जयपाल सिंह स्टेडियम पहुंचे और अनशनकारी छात्रों से मुलाकात की। सुदेश महतो ने अनशन पर बैठे अभ्यर्थियों का हालचाल जाना और उनके संघर्ष को अपना पूरा समर्थन देने का भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि वे छात्रों की जायज मांगों के साथ मजबूती से खड़े हैं और इस लड़ाई में उनका साथ देंगे।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

रांची में 15 अगस्त के दिन चिकन-मटन की बिक्री पर पूरी तरह रोक, नियम तोड़ा तो...

चतरा में नक्सलियों के मददगार पर पुलिस का शिकंजा, मनोहर गंझू का करीबी कुलदीप गिरफ्तार







