गोरखपुर में विकास को मिलेगी नई रफ्तार, CM योगी आज 300 करोड़ की परियोजनाओं का करेंगे शुभारंभ
यातायात से लेकर शिक्षा और स्वास्थ्य तक, कई सुविधाओं को मजबूत करने वाली परियोजनाओं की होगी शुरुआत.

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को तीन दिवसीय दौरे पर गोरखपुर पहुंचेंगे। दौरे के पहले दिन वह बड़हलगंज के महुआपार स्थित गांधी इंटर कॉलेज मैदान में करीब 300 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और नींव रखेंगे। कार्यक्रम दोपहर एक बजे से शुरू होगा, जहां मुख्यमंत्री जनसभा को भी संबोधित करेंगे।
इन परियोजनाओं का लाभ मुख्य रूप से चिल्लूपार विधानसभा और बांसगांव लोकसभा क्षेत्र के लोगों को मिलेगा। सरकार का कहना है कि इन कार्यों से दक्षिणांचल में सड़क और यातायात व्यवस्था बेहतर होगी, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूती मिलेगी तथा बाढ़ से बचाव के इंतजाम भी और मजबूत होंगे।
कार्यक्रम में 122 पूर्ण हो चुकी परियोजनाओं का उद्घाटन और 197 नई परियोजनाओं का नींव रख जाएगा। इनमें सड़कों के चौड़ीकरण और सुधार के साथ कोहड़ा बुजुर्ग में बने नए राजकीय आईटीआई का उद्घाटन भी शामिल है। कई स्कूलों में स्मार्ट क्लास और अन्य सुविधाओं के विकास से जुड़े कार्यों को भी जनता को समर्पित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। शुक्रवार को डीएम दीपक मीणा और एसएसपी डॉ. कौस्तुभ ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। वहीं भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी कार्यक्रम की तैयारियों में जुटे रहे।
दौरे के दूसरे दिन रविवार को मुख्यमंत्री गोरखपुर में करीब 950 करोड़ रुपये की अन्य विकास परियोजनाओं का भी उद्घाटन और नींव रखेंगे।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.









