उपायुक्त ने घर-घर जाकर बच्चों को पिलाई पोलियो की दवा
पलामू जिले में चल रहे तीन दिवसीय पल्स पोलियो अभियान के दूसरे दिन सोमवार को उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने मेदिनीनगर के हमीदगंज क्षेत्र में घर-घर जाकर बच्चों को पोलियो रोधी दवा पिलाई

मेदिनीनगर पलामू जिले में चल रहे तीन दिवसीय पल्स पोलियो अभियान के दूसरे दिन सोमवार को उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने मेदिनीनगर के हमीदगंज क्षेत्र में घर-घर जाकर बच्चों को पोलियो रोधी दवा पिलाई। इस दौरान उन्होंने अभियान की प्रगति का निरीक्षण किया और अभिभावकों से बच्चों को पोलियो की खुराक दिलाने की अपील की। उपायुक्त ने स्वास्थ्य विभाग की टीमों के साथ विभिन्न घरों का भ्रमण कर बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई तथा अभिभावकों को पोलियो उन्मूलन अभियान के महत्व के बारे में जागरूक किया। उन्होंने कहा कि पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से बच्चों की सुरक्षा के लिए प्रत्येक बच्चे को समय पर पोलियो की खुराक देना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य जिले के एक भी बच्चे को इस सुरक्षा कवच से वंचित नहीं रहने देना है। सभी अभिभावक यह सुनिश्चित करें कि उनके पांच वर्ष तक की आयु के बच्चे पोलियो रोधी दवा की खुराक अवश्य ग्रहण करें। यदि कोई बच्चा किसी कारणवश दवा पीने से छूट गया हो तो इसकी जानकारी तुरंत स्वास्थ्यकर्मियों को दें।
गौरतलब है कि 28 जून से शुरू हुए इस तीन दिवसीय पल्स पोलियो अभियान के तहत जिले में 3 लाख से अधिक बच्चों को पोलियो रोधी दवा पिलाने का लक्ष्य रखा गया है। पहले दिन जिले के 1600 से अधिक पोलियो बूथों पर बच्चों को दवा दी गई थी, जबकि दूसरे और तीसरे दिन स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर छूटे हुए बच्चों को दवा पिलाने का कार्य कर रही हैं।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.









