छात्राओं की समस्या पर उपायुक्त ने लिया त्वरित संज्ञान, जर्जर सड़क को तत्काल चलने योग्य बनाने के निर्देश
समाहरणालय सभागार में बुधवार को आयोजित जन समाधान दिवस में पाटन प्रखंड के किसैनी गांव से पहुंची कक्षा 10 की छात्राओं ने अपनी

Palamu.. News । पलामू समाहरणालय सभागार में बुधवार को आयोजित जन समाधान दिवस में पाटन प्रखंड के किसैनी गांव से पहुंची कक्षा 10 की छात्राओं ने अपनी सड़क संबंधी समस्या उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी दिलीप प्रताप सिंह शेखावत के समक्ष रखी। छात्राओं की समस्या सुनने के बाद उपायुक्त ने तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया। छात्राओं ने उपायुक्त को बताया कि वे प्रतिदिन साइकिल से विद्यालय जाती हैं। लगातार बारिश के कारण गांव से विद्यालय जाने वाली सड़क की स्थिति काफी खराब हो गई है। सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं, जिससे साइकिल से आवागमन करना मुश्किल हो गया है। छात्राओं के अनुसार, रास्ते में दुर्घटना का खतरा लगातार बना रहता है और कई बार छात्राएं गिरकर चोटिल भी हो चुकी हैं। अभिभावकों को भी सताने लगी सुरक्षा की चिंता छात्राओं ने बताया कि सड़क की खराब स्थिति को लेकर उनके अभिभावक भी चिंतित हैं। उन्हें डर रहता है कि स्कूल आने-जाने के दौरान किसी छात्रा के साथ दुर्घटना न हो जाए। इसी वजह से कई अभिभावक अपनी बेटियों को विद्यालय भेजने में भी हिचक रहे हैं। इससे छात्राओं की नियमित पढ़ाई प्रभावित हो रही है। छात्राओं ने उपायुक्त के समक्ष अपनी चिंता रखते हुए कहा कि वे कक्षा 10 में पढ़ती हैं और बोर्ड परीक्षा की तैयारी कर रही हैं। ऐसे समय में विद्यालय तक पहुंचने में परेशानी होने से उनकी पढ़ाई प्रभावित हो रही है। उन्होंने सड़क को जल्द से जल्द आवागमन योग्य कराने की मांग की। उपायुक्त ने तत्काल दिया निर्देश छात्राओं की बात गंभीरता से सुनने के बाद उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने तत्काल मामले का संज्ञान लिया। उन्होंने कहा कि सड़क का स्थायी निर्माण एक लंबी प्रक्रिया है और इसे तुरंत पूरा करना संभव नहीं है। हालांकि, छात्राओं की परेशानी को देखते हुए फिलहाल सड़क को आवागमन योग्य बनाने की व्यवस्था तत्काल की जा सकती है। उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि सड़क पर डस्ट एवं अन्य आवश्यक सामग्री डालकर उसे तत्काल चलने योग्य बनाया जाए, ताकि छात्राओं को विद्यालय आने-जाने में परेशानी न हो। साथ ही उनकी पढ़ाई भी बाधित न हो और बारिश के कारण उत्पन्न समस्या से उन्हें राहत मिल सके। जन समाधान दिवस में कई विभागों से जुड़े आवेदन जन समाधान दिवस में छात्राओं की सड़क समस्या के अलावा बड़ी संख्या में आम लोगों ने अपनी विभिन्न समस्याएं उपायुक्त के समक्ष रखीं। इनमें भूमि विवाद, सार्वजनिक रास्ता रोकने, अयोग्य लाभुकों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिए जाने, दाखिल-खारिज, राजस्व, स्वास्थ्य, आपूर्ति, पेयजल, शिक्षा और कल्याण विभाग से संबंधित मामले प्रमुख रहे। उपायुक्त ने संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को प्राप्त आवेदनों की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने तथा लोगों की समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। जन समाधान दिवस के माध्यम से प्रशासन आम लोगों की समस्याओं को सीधे सुनकर उनके त्वरित समाधान की दिशा में कार्रवाई कर रहा है।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

DC साहब! के नाम से फिर बना फर्जी व्हाट्सएप प्रोफाइल, हफ्ते भर में दूसरी बार बनी फेक प्रोफाइल

पत्नी के इलाज का क्लेम अटकाना पड़ा भारी!, उपभोक्ता आयोग ने SBI जनरल इंश्योरेंस पर लगाया 1.32 लाख का जुर्माना







