कस्तूरबा विद्यालय पहुंचे डीसी, पतली दाल पर जताई नाराजगी; छात्राओं से करियर पर की खुली
पलामू के उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने शनिवार को कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, सदर मेदिनीनगर का औचक निरीक्षण किया

Medinagar पलामू के उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने शनिवार को कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, सदर मेदिनीनगर का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने छात्राओं की पढ़ाई, करियर की तैयारी, भोजन की गुणवत्ता, छात्रावास और विद्यालय की समग्र व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण का उद्देश्य छात्राओं की शैक्षणिक स्थिति को समझना और आवश्यक सुधार सुनिश्चित करना था। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने वार्डन से निर्धारित मीनू के अनुसार भोजन उपलब्ध कराने की जानकारी ली और रसोईघर का निरीक्षण किया। उन्होंने पाया कि छात्राओं को परोसी गई दाल अपेक्षाकृत अधिक पतली थी। इस पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए निर्देश दिया कि छात्राओं को पौष्टिक, संतुलित और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराया जाए तथा भोजन की गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता न हो।
उन्होंने जिला शिक्षा पदाधिकारी को निर्देश दिया कि कस्तूरबा विद्यालयों समेत अन्य स्कूलों का नियमित निरीक्षण कर शिक्षा, भोजन, स्वच्छता और अन्य मूलभूत सुविधाओं की लगातार निगरानी सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि बच्चों के भविष्य से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
डीसी ने कक्षा 12 और 11 की छात्राओं से आत्मीय संवाद किया और उनके भविष्य के लक्ष्यों के बारे में जानकारी ली। छात्राओं ने नर्स, डॉक्टर, पुलिस अधिकारी, पायलट और प्रशासनिक अधिकारी बनने की इच्छा जताई। उपायुक्त ने उन्हें संबंधित विषयों, प्रतियोगी परीक्षाओं और तैयारी की रणनीति के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि केवल सपना देखना पर्याप्त नहीं, बल्कि उसे पूरा करने के लिए योजनाबद्ध मेहनत, अनुशासन और निरंतर अध्ययन आवश्यक है।
कक्षा 10 की कम्युनिकेशन स्किल्स की कक्षा में पहुंचकर उन्होंने छात्राओं को आत्मविश्वास के साथ अपनी बात रखने की सीख दी। उन्होंने कहा कि प्रभावी संवाद का आधार आत्मविश्वास है और भाषा केवल माध्यम है, असली उद्देश्य अपनी बात को स्पष्ट और प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना है।
उपायुक्त ने विद्यालय की लाइब्रेरी में भी छात्राओं से मुलाकात की और अपने विद्यार्थी जीवन व प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक छात्रा में असीम संभावनाएं हैं और सही मार्गदर्शन, मेहनत तथा सकारात्मक सोच से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। निरीक्षण के अंत में उपायुक्त ने निर्देश दिया कि विद्यालय में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर अध्ययन वातावरण, पौष्टिक भोजन, सुरक्षा और सभी आवश्यक सुविधाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने दोहराया कि जिला प्रशासन छात्राओं के सर्वांगीण विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और बच्चों के हितों से जुड़े किसी भी मामले में लापरवाही बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

पलामू डीसी की सख्ती: अधूरे कार्यों पर नाराजगी, समय पर काम नहीं शुरू करने वाले संवेदकों को डिबार करने के निर्देश

पलामू में अपराध पर सख्ती, एसपी कपिल चौधरी ने सभी थाना प्रभारियों को दिए कड़े निर्देश







