कूड़े के ढेर के नीचे छिपा ‘करंट’ का खतरा! थानों के पास कूड़े का पहाड़, नीचे चालू ट्रांसफार्मर
जहानाबाद के वार्ड नंबर 23 में महिला थाना और एससी-एसटी थाना के पास चालू ट्रांसफार्मर के नीचे वर्षों से कूड़ा डंप किए जाने का आरोप है। कूड़ा हटाने के बाद बने गहरे गड्ढे और बारिश में पानी जमा होने से स्थानीय लोग हादसे की आशंका जता रहे हैं।


जहानाबाद। शहर के वार्ड नंबर 23 में महिला थाना और एससी-एसटी थाना के पास ट्रांसफार्मर के नीचे वर्षों से कूड़ा डंप किए जाने का मामला सामने आया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि आसपास के कई मोहल्लों का कूड़ा इसी जगह लाकर फेंका जाता है। लंबे समय से कूड़ा जमा होने के बाद जब इसे जेसीबी से हटाया जाता है तो सड़क किनारे कई फीट गहरा गड्ढा बन जाता है। इससे लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है और हादसे की आशंका भी बनी हुई है।
चालू ट्रांसफार्मर के नीचे कूड़ा डालने पर सवाल
स्थानीय लोगों के मुताबिक, जिस जगह कूड़ा डंप किया जा रहा है, वहीं चालू ट्रांसफार्मर लगा हुआ है। इसी ट्रांसफार्मर से आसपास के मोहल्लों और थाना परिसर में बिजली की आपूर्ति होती है। ऐसे में ट्रांसफार्मर के ठीक नीचे कूड़े का ढेर लगाए जाने को लेकर लोग सुरक्षा पर सवाल उठा रहे हैं।
बरसात के दिनों में स्थिति और गंभीर हो जाती है। गीला कूड़ा और बारिश का पानी जमा होने से करंट फैलने की आशंका बनी रहती है। लोगों का कहना है कि अगर कूड़ा हटाने के दौरान सफाईकर्मी या जेसीबी चालक बिजली की चपेट में आ गया तो इसकी जिम्मेदारी कौन लेगा?
गड्ढे से भी बना हादसे का खतरा
स्थानीय लोगों का कहना है कि कूड़ा हटाने के लिए जेसीबी चलाए जाने के बाद यहां सड़क किनारे गहरा गड्ढा बन गया है। बारिश में इस गड्ढे में पानी भर जाता है, जिससे राहगीरों के लिए खतरा बढ़ जाता है। लोगों के मुताबिक, ट्रांसफार्मर के आसपास भी पर्याप्त सुरक्षा घेरा नहीं है। बारिश के दौरान लगातार पानी जमा रहने से ट्रांसफार्मर के पोल की मजबूती प्रभावित होने की आशंका भी जताई जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि किसी वजह से ट्रांसफार्मर गिरा तो बड़ी दुर्घटना हो सकती है।
स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन से मामले का स्थल निरीक्षण कराने की मांग की है। लोगों की मांग है कि ट्रांसफार्मर के नीचे कूड़ा डंप करना तत्काल बंद कराया जाए, सड़क किनारे बने गड्ढे को भरवाया जाए और ट्रांसफार्मर के चारों ओर पर्याप्त सुरक्षा घेरा बनाया जाए। इसके साथ ही इलाके में नियमित सफाई और कीटनाशक दवा का छिड़काव कराने की भी मांग की गई है।
(जहानाबाद से बरुण कुमार की रिपोर्ट)

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.









