क्रिटिकल मिनरल मिशन को बढ़ावा, 56 खनिज ब्लॉकों की नीलामी
खान मंत्रालय ने 10 नए क्रिटिकल मिनरल ब्लॉक किए आवंटित, पहली बार गुजरात, उत्तराखंड और तेलंगाना में हुई नीलामी

देश में महत्वपूर्ण खनिजों की उपलब्धता बढ़ाने की दिशा में केंद्र सरकार को बड़ी सफलता मिली है। केंद्रीय खान मंत्रालय ने सातवें चरण की नीलामी के तहत 10 महत्वपूर्ण और रणनीतिक खनिज ब्लॉकों का सफल आवंटन किया है। इसके साथ ही अब तक कुल 56 खनिज ब्लॉकों की नीलामी की जा चुकी है। मंत्रालय के अनुसार, अब तक 88 ब्लॉक नीलामी के लिए पेश किए गए थे, जिनमें से 56 का सफल आवंटन हुआ है। यह 63% से अधिक की सफलता दर को दर्शाता है। सरकार का मानना है कि इससे देश में महत्वपूर्ण खनिजों की खोज और उत्पादन को नई गति मिलेगी।
सातवें चरण में पहली बार गुजरात, उत्तराखंड और तेलंगाना में स्थित क्रिटिकल मिनरल ब्लॉकों की नीलामी की गई। इन ब्लॉकों में ग्रेफाइट, रेयर अर्थ एलिमेंट्स, वैनाडियम, टाइटेनियम, ग्लॉकोनाइट और रॉक फॉस्फेट जैसे खनिज शामिल हैं। खान मंत्रालय ने एक्सप्लोरेशन लाइसेंस की दूसरी चरण की नीलामी भी पूरी कर ली है। इसके बाद कुल 11 एक्सप्लोरेशन लाइसेंस ब्लॉकों का आवंटन हो चुका है। पहली बार अरुणाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश और ओडिशा में ऐसे ब्लॉकों की नीलामी की गई।
मंत्रालय का कहना है कि इन नीलामियों से खनिज क्षेत्र में निवेशकों और उद्योगों का भरोसा मजबूत हुआ है। इससे स्वच्छ ऊर्जा, इलेक्ट्रिक वाहन, नवीकरणीय ऊर्जा, इलेक्ट्रॉनिक्स, रक्षा और एडवांस्ड मैन्युफैक्चरिंग जैसे क्षेत्रों को जरूरी कच्चा माल उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। साथ ही आयात पर निर्भरता घटेगी और देश की खनिज आपूर्ति श्रृंखला अधिक मजबूत बनेगी।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.









