Bihar (Munger): मुंगेर में रसोई गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमतों और कॉमर्शियल सिलेंडरों की कथित कमी के विरोध में मंगलवार को कांग्रेस नेताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया. जिला मुख्यालय स्थित तिलक मैदान कांग्रेस कार्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री का पुतला दहन कर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की.

प्रदर्शन का नेतृत्व जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष अशोक पासवान ने किया. उन्होंने बताया कि यह आंदोलन प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर बिहार के सभी जिलों में चलाया जा रहा है. इसी क्रम में मुंगेर में भी विरोध दर्ज कराया गया. उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की नीतियों और लापरवाही के कारण आम लोगों को गैस सिलेंडर के लिए परेशानी झेलनी पड़ रही है.
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि लगातार बढ़ती कीमतों से आम जनता की रसोई पर सीधा असर पड़ रहा है. उन्होंने सरकार से तुरंत कीमतों में राहत देने की मांग की. कांग्रेस नेता देवराज सुमन ने कहा कि बढ़ी हुई कीमतें वापस ली जाएं, ताकि आम लोगों को राहत मिल सके.
वहीं कांग्रेस नेता मो. इनामुल हक ने आरोप लगाया कि सरकार जनभावनाओं की अनदेखी कर रही है और समस्याओं के समाधान के प्रति गंभीर नहीं है. उन्होंने कहा कि अगर जल्द राहत नहीं दी गई तो आंदोलन और तेज किया जाएगा. प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे और केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर विरोध जताया.
रिपोर्ट: सुमित कुमार









