Naxatra News Hindi
Ranchi Desk: खूंटी जिले के तोरपा (कोचा खास) में आज मंगलवार को समुदाय आधारित क्लाइमेट स्मार्ट गांव की शुरुआत की गई. जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में झारखंड ग्रामीण विकास एंव पंचायती राज मंत्री दीपिका पांडे सिंह शामिल हुई. इस दौरान कार्यक्रम में खूंटी सांसद कालीचरण मुंडा और तोरपा विधायक सुदीप गुड़िया भी उपस्थित रहें.
मौके पर अपने संबोधन में उन्होंने क्लाइमेट स्मार्ट गांव को जलवायु परिवर्तन और ग्लोबल वार्मिंग की चुनौतियों का स्थानीय समाधान बताया, साथ ही कहा कि यह पहल पर्यावरण संरक्षण, सतत आजीविका और समग्र ग्रामीण विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है. मंत्री दीपिका पांडे सिंह ने कहा झारखंड की महिलाएं समूह बनाकर संगठित हो रही हैं और अपनी आजीविका को सशक्त बना रही हैं. सरकार भी इसी सोच के अनुरूप योजनाएं लागू कर रही है. मंईयां सम्मान योजना से 50 लाख महिलाओं को हर महीने 2500 रुपए की सहायता, बिजली बिल माफी और मनरेगा में 100 दिन का रोजगार जैसे कदमों ने महिला सशक्तिकरण और ग्रामीण विकास को नई गति दी है.
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य है हर परिवार तक आर्थिक सुरक्षा पहुंचाना, महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना और गांवों को जलवायु-संवेदनशील, सशक्त व टिकाऊ मॉडल के रूप में विकसित करना. मंत्री ने विश्वास व्यक्त करते हुए कहा कि इन पहलों से कृषि-प्रसंस्करण, ग्रामीण उद्यमिता, महिलाओं द्वारा संचालित आपूर्ति श्रृंखलाएं और हरित आजीविका जैसे नए अवसर पैदा होंगे. ऊर्जा को आजीविका से जोड़कर ये गांव अब सतत और जलवायु-लचीले विकास के केंद्र बन रहे हैं.









