Naxatra News Hindi
Ranchi Desk: राजधानी में रांची वोमेंस कॉलेज के साइंस ब्लॉक स्थित आदावासी छात्रावास परिसर में 3 सितंबर 2025 (बुधवार) को आयोजित करम पूजा महोत्सव 2025 में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन शामिल हुए. इस दौरान करम पर्व के इस महोत्सव में सीएम के साथ उनकी पत्नी और गांडेय विधायक कल्पना सोरेन, मांडर विधायक सह सूबे के कृषि मंत्री नेहा शिल्पी तिर्की भी शामिल हुईं.
मौके पर सीएम हेमंत ने करम डाली के सामने विधि-विधान के साथ पूजा अर्चना करते हुए शीश नवायी और राज्यवासियों के सुख, समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की. इसके साथ ही मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राजधानी सहित पूरे राज्यवासियों को करम पर्व की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी. मौके पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि मजबूती के साथ परंपराओं को आगे बढ़ाना है. करम पर्व हमारी विशिष्ट संस्कृति, सभ्यता और जीवनशैली का प्रतीक है.
हमारी समृद्ध संस्कृति, सभ्यता और जीवनशैली का प्रतीक- CM
करम पर्व महोत्सव में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि इस धरती के साथ स्थापित परंपराओं एवं संस्कृति से हम सभी बंधे हुए हैं. प्रत्येक वर्ग और समुदाय के लोग अपने रीति-रिवाज और संस्कृति के साथ आगे बढ़ते हैं. इसी तरह करम पर्व के पावन अवसर पर आज आदिवासी समाज के लोग आदिवासी कॉलेज के छात्रावास परिसर में करम महोत्सव-2025 धूमधाम से मना रहे हैं. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि प्रत्यके वर्ष की तरह इस वर्ष भी हमारी बहनों ने बारिश में इकट्ठे होकर इस परंपरा का हर्ष और उल्लास के साथ निर्वहन किया है जो प्रकृति के साथ हमारे साहचर्य का उदाहरण है.
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि हमारी बहनों ने बारिश, तूफान या गर्मी किसी भी प्रकार का मौसम हो हर हाल में करम महोत्सव को प्रत्येक बार संपन्न कराया है. करम पर्व हमारी समृद्ध संस्कृति, सभ्यता और जीवनशैली का प्रतीक है. करम का यह पावन पर्व भाई-बहन के अटूट संबंध, सामाजिक समरसता तथा प्रकृति के प्रति गहरी आस्था और कृतज्ञता को दर्शाता है.









