चांदी चमकाने के नाम पर ठगी का खेल बेनकाब, पलामू पुलिस ने छह सदस्यीय अंतरराज्यीय गिरोह को दबोचा
चांदी चमकाने के बहाने महिलाओं को बनाते थे शिकार, पलामू पुलिस ने छह सदस्यीय ठगी गिरोह का किया भंडाफोड़ ग्रामीणों की सतर्कता से बचा महिला का मंगलसूत्र, बिहार के छह आरोपी गिरफ्तार; एसिड, पाउडर, बाइक और ठगी का सामान बरामद

पलामू जिले के नौडीहा बाजार थाना क्षेत्र में पुलिस ने ग्रामीणों को सोना-चांदी साफ करने के नाम पर ठगने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह गिरोह गांव-गांव घूमकर महिलाओं और बुजुर्गों को अपने झांसे में लेता था तथा आभूषण साफ करने के बहाने उन्हें हड़पने का प्रयास करता था। पुलिस ने आरोपियों के पास से ठगी में प्रयुक्त सामग्री, आभूषण, एसिड, औजार, मोटरसाइकिलें और इलेक्ट्रॉनिक मशीन भी बरामद की है।
छतरपुर एसडीपीओ ने बुधवार को प्रेसवार्ता में बताया कि 02 जून को नौडीहा बाजार थाना क्षेत्र के हुल्सी खुर्द गांव में दो युवक पहुंचे थे। उन्होंने गांव की एक महिला अनिता देवी को चांदी और सोने के आभूषणों को चमकाने का आसान तरीका बताकर विश्वास में लिया। पहले उन्होंने कुछ सामान साफ कर दिखाया, जिससे महिला को उन पर भरोसा हो गया। इसके बाद आरोपियों ने महिला का मंगलसूत्र साफ करने की बात कही। मंगलसूत्र अपने कब्जे में लेने के बाद उन्होंने उसे कागज में लिपटा हुआ एक पैकेट पकड़ा दिया और कहा कि कुछ समय बाद इसे खोलने पर मंगलसूत्र पहले से अधिक चमकदार मिलेगा। लेकिन महिला को उनकी गतिविधियों पर संदेह हुआ। जब उसने आसपास के लोगों को जानकारी दी तो ग्रामीण तुरंत सक्रिय हो गए और दोनों युवकों को मौके पर ही पकड़ लिया।
सूचना मिलने के बाद नौडीहा बाजार थाना पुलिस गांव पहुंची और दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया। तलाशी के दौरान राहुल कुमार के बैग से महिला का मंगलसूत्र बरामद कर लिया गया। इसके बाद पुलिस ने दोनों से गहन पूछताछ की, जिसमें एक बड़े ठगी गिरोह का खुलासा हुआ।
पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने अभियान चलाकर गिरोह के अन्य चार सदस्यों को भी गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बिहार राज्य के सुपौल जिला अंतर्गत जदिया गांव निवासी प्रिंस कुमार (20), राहुल कुमार (21), रोहित कुमार (21) तथा अररिया जिला के मटियारी गांव निवासी प्रभु कुमार शाह (28), रोहन कुमार (22) और अक्षय कुमार (22) के रूप में हुई है।
जांच के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से सोने जैसा एक मंगलसूत्र, चांदी साफ करने वाला पाउडर, हार्पिक की बोतल में रखा गया एसिड, लोहे के दो औजार, तीन मोटरसाइकिलें तथा एक इलेक्ट्रॉनिक माप-तौल मशीन बरामद की। पुलिस का मानना है कि गिरोह इन सामग्रियों का उपयोग लोगों को भ्रमित करने और ठगी को अंजाम देने के लिए करता था।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह गिरोह सुनियोजित तरीके से गांवों में पहुंचकर महिलाओं और बुजुर्गों को अपना निशाना बनाता था। पहले बातचीत कर विश्वास जीतता था और फिर आभूषण साफ करने के नाम पर उन्हें बदलने या लेकर फरार होने का प्रयास करता था। समय रहते ग्रामीणों की सतर्कता और महिला की सूझबूझ से एक बड़ी ठगी की घटना टल गई।
इस मामले में पीड़िता अनिता देवी के आवेदन पर नौडीहा बाजार थाना में कांड संख्या 47/2026 दर्ज किया गया है। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) 2023 की धारा 316(2), 318(4) और 112(2) के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई में नौडीहा बाजार थाना प्रभारी नीरज कुमार, पुअनि रोहित चौहान, अनुसंधानकर्ता सअनि दीपक कुमार तथा सअनि राजेश बैठा समेत पुलिस टीम के अन्य जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

जनता दरबार बना उम्मीद का केंद्र, लोगों के दिलों में बढ़ा डीसी पर भरोसा

गिरिडीह में दहेज के लोभ में भेंट चढ़ी 'पूर्णिमा', शव को जलता छोड़ फरार हो गया पति और परिवार, 13 साल पहले हुई थी शादी







