चाईबासा लाठीचार्ज का विरोध, आज पश्चिम सिंहभूम और सरायकेला 12 घंटे बंद
चाईबासा लाठीचार्ज के विरोध में आज पश्चिम सिंहभूम और सरायकेला में 12 घंटे का बंद रहेगा. NH-220 लाठीचार्ज विवाद पर भाजपा का विरोध तेज हो गया है.

NAXATRA NEWS : चाईबासा लाठीचार्ज के विरोध में आज पश्चिम सिंहभूम और सरायकेला में 12 घंटे का बंद रहेगा. NH-220 लाठीचार्ज विवाद पर भाजपा का विरोध तेज हो गया है. भाजपा ने हेमंत सरकार पर बर्बर कार्रवाई का आरोप लगाया है. बता दें कि बंद के दौरान आवश्यक सेवाएं बहाल रहेंगी.
रांची : भाजपा की झारखंड इकाई ने चाईबासा में आदिवासी प्रदर्शनकारियों पर पुलिस के कथित लाठीचार्ज के विरोध में दो जिलों, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला -खरसावां में बुधवार को 12 घंटे के बंद का आह्वान किया है. भाजपा की प्रदेश इकाई के कार्यकारी अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि पार्टी कथित घटना के विरोध में सभी जिला मुख्यालयों पर मशाल जुलूस भी निकालेगी.
साहू ने दावा किया कि आदिवासी समुदाय के सदस्य सोमवार को झारखंड के परिवहन मंत्री दीपक बिरुआ के आवास का घेराव करने गए थे और यह मांग कर रहे थे कि लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए एनएच- 220 और एनएच- 75 पर दिन के समय भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित किया जाए.
साहू ने कहा कि पिछले आठ महीनों में राष्ट्रीय राजमार्गों पर कम से कम 154 लोगों की मौत हो चुकी है. आदिवासी समुदाय के सदस्य परिवहन मंत्री से गुहार लगाना चाहते थे, लेकिन पुलिस ने सोमवार रात उन पर लाठीचार्ज किया और आंसू गैस के गोले दागे. इस घटना में कई लोग घायल हो गए. उन्होंने कहा कि पार्टी ने इस घटना के विरोध में बुधवार को कोल्हान के दो जिलों, पश्चिमी सिंहभूम और
सरायकेला – खरसावां में सुबह छह बजे से शाम छह बजे तक, 12 घंटे का बंद रखने का फैसला किया है. हालांकि, आपातकालीन सेवाएं बहाल रहेंगी.
वहीं भाजपा की झारखंड इकाई के प्रमुख बाबूलाल मरांडी ने घटना की निंदा करते हुए कहा कि आदिवासियों की हितैषी होने का दावा करने वाली हेमंत सोरेन सरकार अब उनकी आवाज दबाने के लिए क्रूरता पर उतर आई है.









