Gen Z पर CEC की नजर! बिहार दौरे पर ज्ञानेश कुमार, युवाओं और 500 BLO तक से करेंगे बातचीत
मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार दो दिवसीय बिहार दौरे पर पटना पहुंचे हैं। वह Gen Z मतदाताओं, छात्रों और बूथ लेवल अधिकारियों से संवाद करेंगे। नालंदा में करीब 500 BLO के साथ चुनावी प्रक्रिया की जमीनी चुनौतियों पर चर्चा होगी।


पटना: बिहार में आगामी चुनावी तैयारियों के बीच मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार रविवार को दो दिवसीय दौरे पर पटना पहुंचे है। इस दौरे में उनका फोकस सिर्फ अधिकारियों के साथ बैठक तक सीमित नहीं रहेगा। CEC युवा, खासकरGen Z मतदाताओं, से संवाद करेंगे और बूथ लेवल अधिकारियों यानी BLO से चुनावी प्रक्रिया को और आसान बनाने पर चर्चा करेंगे।पटना पहुंचने पर बिहार के मुख्य निर्वाचन अधिकारी विनोद सिंह गुंजियाल समेत वरिष्ठ अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। निर्वाचन आयोग के कई वरिष्ठ अधिकारी भी उनके साथ बिहार दौरे पर पहुंचे हैं।
ज्ञानेश कुमार अपने दौरे के दौरान सीतामढ़ी, मधुबनी और वैशाली जाएंगे। इन जिलों में वह जिला निर्वाचन तंत्र से जुड़े अधिकारियों के साथ बातचीत करेंगे और चुनाव संचालन के दौरान सामने आने वाली जमीनी चुनौतियों की जानकारी लेंगे। दौरे के वक़्त बिहार की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत से जुड़े स्थलों का भी अवलोकन किया जाएगा।
नालंदा में 500 BLO से संवाद
दौरे के दूसरे दिन यानी सोमवार को CEC नालंदा जाएंगे। यहां नालंदा विश्वविद्यालय में करीब 500 बूथ लेवल अधिकारियों के साथ संवाद प्रस्तावित है। इस बैठक में BLO अपने जमीनी अनुभव साझा करेंगे। मतदाता सूची, चुनाव संचालन और मतदाताओं तक पहुंच बनाने के दौरान आने वाली परेशानियों पर भी चर्चा होगी।
Gen Z वोटर्स पर खास नजर
इस दौरे की एक खास बात युवाओं के साथ संवाद भी है। निर्वाचन आयोग की कोशिश है कि पहली बार वोट देने वाले और युवा मतदाता चुनावी प्रक्रिया को सिर्फ वोट डालने तक सीमित न समझें, बल्कि लोकतंत्र में अपनी भूमिका को भी समझें।
निर्वाचन साक्षरता, डिजिटल जागरूकता और युवाओं की लोकतांत्रिक भागीदारी जैसे मुद्दों पर CEC युवाओं से बातचीत करेंगे। पटना में 17 अगस्त को Electoral Literacy Club 2.0 और ECINET को लेकर सम्मेलन भी आयोजित किया जाएगा। इसमें छात्र, शिक्षक, विश्वविद्यालयों के प्रतिनिधि और निर्वाचन आयोग के अधिकारी हिस्सा लेंगे। इस पहल का मकसद युवाओं और विद्यार्थियों के बीच चुनावी साक्षरता बढ़ाना और उन्हें लोकतांत्रिक प्रक्रिया से ज्यादा सक्रिय रूप से जोड़ना है।
बिहार के रिकॉर्ड मतदान की भी तारीफ
ज्ञानेश कुमार ने बिहार के चुनावी प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि मतदाता सूची को शुद्ध करने की महत्वपूर्ण कवायद बिहार से शुरू हुई थी। उन्होंने 2025 के बिहार विधानसभा चुनाव में रिकॉर्ड मतदान का भी जिक्र किया और बिहार के मतदाताओं के साथ लोकतंत्र की जननी वैशाली के लोगों के प्रति सम्मान जताया।
CEC का यह दौरा ऐसे समय हो रहा है, जब चुनावी प्रक्रिया को ज्यादा पारदर्शी, सुगम और सहभागी बनाने पर जोर दिया जा रहा है। युवाओं और जमीनी स्तर पर चुनाव कराने वाले BLO से सीधे संवाद के जरिए आयोग चुनाव व्यवस्था की वास्तविक चुनौतियों को समझने की कोशिश करेगा।

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

सुधा डेयरी में अब बनेगी आइसक्रीम! मंत्री नंदकिशोर राम ने किया बड़ा ऐलान

जमुई में स्वास्थ्य मंत्री के काफिले की गाड़ियां टकराईं, बाल - बाल बचे जिलाध्यक्ष







