लाठीचार्ज के विरोध में भाजपा का 15 घंटे का झारखंड बंद, कई स्कूलों में छुट्टी
JPSC-JSSC परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के विरोध में प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर लाठीचार्ज के आरोपों के बाद भाजपा ने 11 अगस्त को 15 घंटे के झारखंड बंद का आह्वान किया है। रांची समेत कई जिलों में दर्जनों निजी स्कूल बंद रहेंगे।

झारखंड में JPSC और JSSC प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं व धांधली को लेकर पिछले 17 दिनों से आंदोलन कर रहे छात्रों ने सोमवार को झारखंड विधानसभा घेराव का कार्यक्रम आयोजित किया था। इस दौरान प्रदर्शनकारियों को नियंत्रित करने के लिए पुलिस द्वारा बल प्रयोग, वॉटर कैनन का इस्तेमाल और लाठीचार्ज किए जाने का आरोप है। लाठीचार्ज की घटना में कई छात्रों के घायल होने और हिरासत में लिए जाने की खबर के बाद राज्य का सियासी माहौल गर्मा गया है।
भाजपा नेताओं का सरकार पर तीखा हमला
घटना के विरोध में भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित संयुक्त संवाददाता सम्मेलन के दौरान प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने हेमंत सरकार के रवैये की कड़े शब्दों में निंदा की। भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार अपनी नाकामी छुपाने के लिए लोकतांत्रिक तरीके से आवाज उठा रहे निर्दोष छात्रों पर दमनात्मक कार्रवाई कर रही है। भाजपा ने मांग की है कि पुलिसिया कार्रवाई के जिम्मेदार अफसरों पर कड़ी कार्रवाई की जाए और छात्रों की सीबीआई जांच की जायज मांग को तुरंत पूरा किया जाए।
सुबह 8 से रात 11 बजे तक रहेगा बंद, आवश्यक सेवाएं रहेंगी बहाल
भाजपा ने मंगलवार, 11 अगस्त को सुबह 8:00 बजे से रात 11:00 बजे तक पूरे राज्य में शांतिपूर्ण बंद की अपील की है। पार्टी पदाधिकारियों के अनुसार बंद के दौरान आम जनता, मरीजों, एम्बुलेंस, दवा दुकानों और बाबा धाम जाने वाले कांवरियों की आवाजाही को पूरी तरह से मुक्त रखा गया है। हालांकि व्यापारिक प्रतिष्ठानों और सार्वजनिक परिवहन पर बंद का असर पड़ने की संभावना है।
राजधानी रांची के दर्जनों प्रमुख निजी स्कूल रहेंगे बंद
बंद के मद्देनजर किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने और विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए रांची सहित कई जिलों के निजी स्कूल प्रबंधनों ने 11 अगस्त को स्कूल बंद रखने का फैसला लिया है।
अभिभावकों को भेजे गए संदेश में दिल्ली पब्लिक स्कूल (DPS), JVM श्यामली, लेडी केसी राय स्कूल, ऑक्सफोर्ड पब्लिक स्कूल, कैंब्रियन स्कूल, सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, शारदा ग्लोबल, सरला बिरला, संत माइकल, गुरु गोविंद सिंह पब्लिक स्कूल, DAV बरियातू, डीएवी गांधीनगर, DAV हेहल, एसआर DAV और सेंट जेवियर सहित शहर के लगभग 35 से अधिक प्रमुख स्कूलों ने पठन-पाठन स्थगित रखने की पुष्टि की है।
सुरक्षा चाक-चौबंद, प्रशासन अलर्ट पर
झारखंड बंद के ऐलान के बाद राज्यभर के जिला प्रशासनों ने सुरक्षा व्यवस्था को हाई अलर्ट पर रखा है। रांची, जमशेदपुर, धनबाद और बोकारो समेत सभी प्रमुख शहरों के मुख्य चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल और दंडाधिकारियों की तैनाती की गई है, ताकि कानून-व्यवस्था की स्थिति बनाए रखी जा सके।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

झारखंड के IPS अनीश गुप्ता को CBI में मिली बड़ी जिम्मेदारी, Joint Director पद पर प्रमोशन

झारखंड के IPS अनीश गुप्ता को CBI में मिली बड़ी जिम्मेदारी, Joint Director पद पर प्रमोशन







