नक्षत्र न्यूज की खबर का बड़ा असर! टूटी झोपड़ी तक पहुंचा सिस्टम, मंत्री प्रतिनिधि ने दिया 'आवास' का भरोसा
बीते दिनों गोड्डा के दो गरीब परिवारों को आवास योजना का लाभ न मिलने की खबर प्रकाश में आने के बाद सिस्टम की नींद खुली है. इन परिवारों की आर्थिक मदद भी की जा रही है, वहीं आवास योजना के तहत घर दिलाने का भी भरोसा दिया गया है.

Godda News : पत्रकारिता तब सार्थक होती है, जब उसकी आवाज सत्ता के गलियारों तक पहुंचे. गोड्डा जिले के मेहरमा प्रखंड की धनकुड़िया पंचायत के भैरोनगर गांव में वर्षों से जर्जर झोपड़ी में जिंदगी गुजार रही छोटी कुमारी और शोभा देवी की दर्दभरी कहानी को नक्षत्र न्यूज़ ने प्रमुखता से उठाया. खबर प्रसारित होते ही प्रशासन और सरकार हरकत में आ गई. सबसे पहले मेहरमा के प्रखंड विकास पदाधिकारी अभिनव कुमार ने पूरे मामले का संज्ञान लिया. इसके बाद झारखंड सरकार की ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडे सिंह ने भी मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल पहल की.
मंत्री के निर्देश पर उनके प्रतिनिधि विपिन बिहारी सिंह सीधे भैरोनगर गांव पहुंचे. उन्होंने छोटी कुमारी और शोभा देवी के जर्जर घर का निरीक्षण किया. घर की बदहाल स्थिति देखकर उन्होंने जल्द आवास उपलब्ध कराने का भरोसा दिया. इतना ही नहीं, मानवीय संवेदना दिखाते हुए उन्होंने तत्काल आर्थिक सहयोग भी प्रदान किया.
यह वही मामला है, जिसमें सवाल उठ रहा था कि आखिर सरकारी सर्वे और सत्यापन के बावजूद इतनी गरीब महिलाओं का नाम आवास योजना की सूची में क्यों नहीं जुड़ सका? अब नक्षत्र न्यूज़ की खबर के बाद प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की सक्रियता ने उम्मीद की नई किरण जगा दी है. उम्मीद की जा रही है कि छोटी कुमारी और शोभा देवी के सपनों का पक्का घर भी जल्द हकीकत बनेगा.
(गोड्डा से प्रिंस यादव की रिपोर्ट)
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.









