UGC 2026 के समर्थन में बिहारशरीफ में बड़ा प्रदर्शन! सड़क पर उतरे लोग, DM को सौंपा 10 सूत्री ज्ञापन
बिहारशरीफ में UGC 2026 के समर्थन में सामाजिक न्याय मोर्चा के नेतृत्व में जोरदार प्रदर्शन किया गया। श्रम कल्याण मैदान से निकला मार्च जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचा, जहां 10 सूत्री मांगों का ज्ञापन सौंपा गया।


बिहारशरीफ। UGC 2026 के समर्थन में सामाजिक न्याय मोर्चा के नेतृत्व में बिहारशरीफ में जोरदार प्रदर्शन किया गया। श्रम कल्याण मैदान से शुरू हुआ मार्च भैंसासुर और अंबेर चौक होते हुए जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचा। यहां प्रदर्शनकारियों ने जिलाधिकारी नालंदा को अपनी 10 सूत्री मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शन में अतिपिछड़ा दलित अल्पसंख्यक संघर्ष मोर्चा, फुटपाथ संघर्ष मोर्चा, डॉ. भीमराव अंबेडकर संघर्ष विचार मंच, आम जनता पार्टी इंडिया, आर्मी बहुजन और कुत्ता जनता पार्टी समेत कई संगठनों के कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए।
UGC 2026 लागू करने की मांग
प्रदर्शन के दौरान सामाजिक न्याय मोर्चा के जिला कमेटी सदस्यों चंद्रशेखर प्रसाद, रामदेव चौधरी, अनिल पासवान और रंजीत कुमार चौधरी ने कहा कि विश्वविद्यालय अनुदान आयोग यानी UGC देश में उच्च शिक्षा के मानकों, शिक्षण, प्रशिक्षण और अनुसंधान के समन्वय एवं विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
प्रदर्शनकारियों ने संविधान के अनुच्छेद 14 का हवाला देते हुए उच्च शिक्षा संस्थानों में किसी भी तरह के भेदभाव को समाप्त करने की मांग उठाई। उनका कहना था कि संशोधित UGC नियमों में जाति आधारित भेदभाव को भी शामिल किया गया है और इसे प्रभावी तरीके से लागू किया जाना चाहिए।
शिक्षा से लेकर किसानों तक की मांगें
प्रदर्शनकारियों ने UGC 2026 लागू करने और समान शिक्षा प्रणाली लागू करने की मांग के साथ कई अन्य मुद्दे भी उठाए। इनमें कॉलेजियम प्रणाली समाप्त कर परीक्षा के माध्यम से जजों की नियुक्ति, उच्च शिक्षा संस्थानों में भेदभाव खत्म करना, MSP पर कानून बनाना, किसानों को मुफ्त बिजली देना तथा बेहतर गुणवत्ता वाले बीज और खाद उपलब्ध कराना शामिल है।
इसके अलावा बिहारशरीफ के फुटपाथ दुकानदारों से जुड़े मुद्दे को भी प्रदर्शन में प्रमुखता से उठाया गया। प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि बिहारशरीफ में सर्वे किए गए सभी फुटपाथ दुकानदारों को निर्धारित वेंडिंग जोन उपलब्ध कराया जाए। साथ ही अतिक्रमण, सौंदर्यीकरण और स्मार्ट सिटी परियोजनाओं के नाम पर फुटपाथ दुकानदारों को हटाने की कार्रवाई बंद करने की मांग की गई। मोर्चा के नेताओं का कहना था कि फुटपाथ दुकानदारों की आजीविका प्रभावित किए बिना शहर के विकास और व्यवस्थित वेंडिंग व्यवस्था पर काम किया जाना चाहिए।
बड़ी संख्या में महिला-पुरुष हुए शामिल
प्रदर्शन में अवधेश पंडित, महेंद्र प्रसाद, प्रोफेसर शिवकुमार यादव, शाहनवाज, सुबोध कुमार, लालती देवी, प्रेम कुमार, सोनू पासवान, नीतीश कुमार, सुधीर कुमार, विक्रम कुमार और राजकुमार चंद्रवंशी समेत कई लोग मौजूद रहे। प्रदर्शनकारियों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपते हुए सरकार से उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार करने और जल्द आवश्यक कदम उठाने की अपील की।
फिलहाल UGC 2026 के समर्थन में हुआ यह प्रदर्शन उच्च शिक्षा, सामाजिक न्याय, किसान और फुटपाथ दुकानदारों से जुड़े मुद्दों को लेकर आयोजित किया गया। अब प्रदर्शनकारियों की नजर सरकार की ओर से इन मांगों पर उठाए जाने वाले अगले कदम पर है।
(नालंदा से वीरेंद्र कुमार की रिपोर्ट)

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

'दिल्ली में सुलझा सोन नदी जल बंटवारा', 25 साल बाद बिहार-झारखंड में बनी सहमति, अमित शाह की मौजूदगी में हुआ MoU

BPSC TRE 4.0 पर बड़ा अपडेट! 1 सितंबर से नहीं होगा आवेदन, 32,388 अभ्यर्थियों को झटका, जाने क्या है नया अपडेट!







