कर्ज नहीं चुकाया तो घर में घुसकर तेजाब से हमला! महिला, पति और 3 बच्चे झुलसे
पूर्वी चंपारण के केसरिया में कर्ज और कथित भारी ब्याज को लेकर एक परिवार पर घर में घुसकर तेजाब फेंकने का आरोप लगा है। हमले में महिला, उसके पति और तीन बच्चे झुलस गए।


मुजफ्फरपुर: पूर्वी चंपारण जिले के केसरिया थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। कर्ज की रकम और कथित तौर पर भारी ब्याज की मांग को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि एक परिवार पर घर में घुसकर तेजाब फेंकने का आरोप लगा है। हमले में महिला, उसके पति और तीन बच्चों समेत पांच लोग झुलस गए।
सभी घायलों को इलाज के लिए मुजफ्फरपुर के एसकेएमसीएच में भर्ती कराया गया है, जहां बर्न वार्ड में उनका इलाज चल रहा है। बताया जा रहा है कि एक बच्चे की हालत गंभीर है और उसे आईसीयू में रखा गया है।
उधार के पैसे को लेकर चल रहा था विवाद
अस्पताल में भर्ती पीड़िता रिंकी कुमारी के मुताबिक, उन्होंने अरविंद प्रसाद नामक व्यक्ति से कुछ रुपये उधार लिए थे। उनका दावा है कि वह नियमित रूप से ब्याज की रकम चुका रही थीं। बकाया राशि चुकाने के लिए उन्होंने कुछ और समय मांगा था। रिंकी का आरोप है कि इसके बाद से उन्हें लगातार धमकियां दी जा रही थीं। फोन पर कथित तौर पर रुपये नहीं देने पर हाथ-पैर तोड़ने और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी जाती थी।
घर में घुसकर पति से मारपीट का आरोप
पीड़िता के अनुसार, घटना के दिन कुछ आरोपी अचानक उनके घर में घुस आए और उनके पति के साथ मारपीट करने लगे। पति को बचाने के लिए जब रिंकी बीच-बचाव करने पहुंचीं तो आरोपियों ने उन्हें धक्का दिया। इसके बाद आरोप है कि आरोपियों ने तेजाब की बोतल से उन पर हमला कर दिया। तेजाब की छींटें पास में मौजूद उनके तीन बच्चों पर भी पड़ गईं।
तेजाब से रिंकी के चेहरे, गर्दन और शरीर के ऊपरी हिस्से में गंभीर जलन हुई है। उनके बच्चों को भी चोटें आई हैं। पीड़िता के मुताबिक, बड़े बेटे के पेट और पैर पर तेजाब पड़ा है, जबकि एक छोटे बच्चे की हालत गंभीर बताई जा रही है। गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे आईसीयू में रखा गया है। परिवार के पांचों सदस्यों का एसकेएमसीएच में उपचार चल रहा है।
पुलिस जांच में जुटी
घटना के बाद घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए एसकेएमसीएच रेफर किया गया। पीड़ित परिवार के बयान के आधार पर पुलिस मामले की जांच में जुटी है। पुलिस कर्ज के लेन-देन, कथित ब्याज की मांग और तेजाब हमले के आरोपों की जांच कर रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी किए जाने की जानकारी भी सामने आई है। फिलहाल पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि तेजाब हमले की घटना के पीछे पूरा विवाद क्या था और इसमें कौन-कौन लोग शामिल थे। पीड़ित परिवार के आरोपों की जांच की जा रही है।
(मुज़फ़्फ़रपुर से गोविंग कुमार की रिपोर्ट)

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

BPSC TRE 4.0 पर बड़ा अपडेट! 1 सितंबर से नहीं होगा आवेदन, 32,388 अभ्यर्थियों को झटका, जाने क्या है नया अपडेट!

सोन नदी के पानी पर खत्म हुआ वर्षों पुराना विवाद, अमित शाह की मौजूदगी में बिहार-झारखंड में समझौता







