रांची पुलिस का बड़ा एक्शन प्लान!, अब बैंक से स्कूल तक टाइगर मोबाइल की होगी सघन निगरानी
रांची पुलिस ने टाइगर मोबाइल की गश्ती व्यवस्था मजबूत करने का फैसला किया है। बैंक, एटीएम, ज्वेलरी शॉप, स्कूल और कॉलेजों में निगरानी बढ़ेगी। QR कोड से पेट्रोलिंग की भी निगरानी होगी।

Ranchi : राजधानी में अपराध नियंत्रण और आम लोगों की सुरक्षा को लेकर रांची पुलिस ने टाइगर मोबाइल की गश्ती व्यवस्था को और मजबूत करने की तैयारी शुरू कर दी है। इसी सिलसिले में 3 सितंबर को नवीन पुलिस केंद्र स्थित यू.सी. झा हॉल में वरीय पुलिस अधीक्षक रांची की अध्यक्षता में टाइगर मोबाइल के पदाधिकारियों और कर्मियों की महत्वपूर्ण बैठक हुई। बैठक में पुलिस अधिकारियों को गश्ती व्यवस्था प्रभावी बनाने और अपराधियों पर शिकंजा कसने को लेकर कई अहम निर्देश दिए गए।
बैठक में पुलिस अधीक्षक नगर, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, पुलिस अधीक्षक यातायात, अपर पुलिस अधीक्षक कोतवाली, सभी DSP, थाना प्रभारी और टाइगर मोबाइल में तैनात पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
बैंक, ATM और ज्वेलरी शॉप पर बढ़ेगी निगरानी
रांची पुलिस ने टाइगर मोबाइल की गश्ती को अब ज्यादा सघन करने का फैसला लिया है। टाइगर मोबाइल की टीमें अपने-अपने इलाकों में बैंक, ATM, ज्वेलरी शॉप, स्कूल, कॉलेज और अन्य महत्वपूर्ण व संवेदनशील प्रतिष्ठानों के आसपास नियमित गश्त करेंगी। पुलिस का मकसद ऐसे स्थानों पर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के साथ अपराध की घटनाओं को पहले ही रोकना है।
पुराने अपराधियों से लेकर संदिग्धों तक की होगी कुंडली जांच
पुलिस ने आर्म्स एक्ट, चोरी, NDPS, अवैध शराब, चेन स्नैचिंग, मोबाइल स्नैचिंग और ड्रग पेडलिंग जैसे मामलों में शामिल रहे अपराधियों और पूर्व अपराधियों के सत्यापन का निर्देश दिया है। इसके अलावा संदिग्ध लोगों की गतिविधियों पर भी नजर रखी जाएगी। पुलिस इनसे जुड़ी सूचनाएं और आसूचना जुटाकर जरूरत पड़ने पर कानूनी कार्रवाई करेगी।
QR Code से पता चलेगा कहां हुई पेट्रोलिंग
रांची के सभी थाना क्षेत्रों में महत्वपूर्ण स्थानों पर QR Code लगाए गए हैं। इनमें स्कूल, कॉलेज, अस्पताल, ज्वेलरी शॉप और अन्य संवेदनशील प्रतिष्ठान शामिल हैं। टाइगर मोबाइल के जवान इन जगहों पर पहुंचकर QR Code स्कैन करेंगे। इससे संबंधित स्थानों पर पुलिस की पेट्रोलिंग की उपस्थिति दर्ज की जाएगी और गश्ती व्यवस्था की निगरानी को और प्रभावी बनाया जा सकेगा।
टाइगर मोबाइल के जवानों की होगी फायरिंग प्रैक्टिस
बैठक में टाइगर मोबाइल के सभी पदाधिकारियों और जवानों की छोटे हथियारों के साथ फायरिंग प्रैक्टिस कराने का भी निर्देश दिया गया है। पुलिस के अनुसार, जवानों की कार्यक्षमता और तैयारी को बेहतर बनाए रखने के लिए यह अभ्यास जल्द कराया जाएगा।
तीन साल से जमे जवानों का होगा ट्रांसफर
टाइगर मोबाइल में तीन वर्ष से अधिक समय से काम कर रहे पदाधिकारियों और कर्मियों का स्थानांतरण करने का भी फैसला लिया गया है। उनके स्थान पर नए पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों की तैनाती की जाएगी। पुलिस का मानना है कि इससे गश्ती व्यवस्था में नई ऊर्जा आएगी और टीम की कार्यप्रणाली में प्रभावशीलता बनी रहेगी।
थाना प्रभारी करेंगे टाइगर मोबाइल की निगरानी
वरीय पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्र में तैनात टाइगर मोबाइल की गतिविधियों की नियमित निगरानी करने का निर्देश दिया है। इलाके की जरूरत के अनुसार जवानों का क्षेत्र, काम और ड्यूटी का समय तय करने को भी कहा गया है।
रांची पुलिस ने साफ किया है कि टाइगर मोबाइल की गश्ती का मुख्य उद्देश्य अपराध की रोकथाम, अपराधियों की पहचान और आम लोगों की सुरक्षा को मजबूत करना है। इसके लिए संवेदनशील इलाकों में पुलिस की मौजूदगी बढ़ाने और गश्ती व्यवस्था को ज्यादा सक्रिय बनाने पर जोर दिया जा रहा है।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

डोरंडा में 1 एकड़ 20 डिसमिल जमीन खाली कराने की तैयारी, 48 घंटे का अल्टीमेटम!

रिनपास निदेशक की भर्ती पर क्यों नाराज हैं बाबूलाल मरांडी?, CM को पत्र लिखकर की ये मांग







