बक्सर के सरकारी स्कूलों में फिर बड़ा एक्शन, तीन सरकारी विद्यालयों के प्रिंसिपल सहित तीन शिक्षक हुए फिर निलंबित
बक्सर के सरकारी स्कूलों में शिकायतों के बाद शिक्षा विभाग का एक्शन जारी है। डुमरांव के ग्राहता मध्य विद्यालय में प्रिंसिपल समेत तीन शिक्षक और चौसा के बालिका मध्य विद्यालय रामपुर के प्रभारी प्रधानाध्यापक निलंबित किए गए हैं।


बक्सर: जिले के सरकारी स्कूलों से सामने आ रहे मामलों के बीच शिक्षा विभाग की कार्रवाई लगातार जारी है। छात्राओं से कथित कुकर्म के मामले, छात्रा से कंधे की मालिश कराने के आरोप और बच्चों की पिटाई की शिकायतों के बाद अब डुमरांव और चौसा प्रखंड के स्कूलों में भी कार्रवाई की गई है। ताजा कार्रवाई में 3 स्कूलों के प्रिंसिपल समेत तीन शिक्षकों को निलंबित किया गया है। वहीं, चौसा प्रखंड के एक प्रभारी प्रधानाध्यापक को भी निलंबित किया गया है।
बक्सर की डीएम साहिला लगातार शिक्षा विभाग के कामकाज और स्कूलों की स्थिति की समीक्षा कर रही हैं। उनके अनुश्रवण के बीच शिकायतों और जांच के आधार पर विभागीय कार्रवाई का सिलसिला जारी है।
छात्रा से कंधे की मालिश कराने का आरोप
ताजा मामला डुमरांव अनुमंडल के ग्राहता मध्य विद्यालय से जुड़ा है। यहां प्रिंसिपल समेत तीन शिक्षकों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की गई है। इनमें एक शिक्षक पर छात्रा से कंधे पर मालिश कराने का आरोप है। वहीं, प्रधानाध्यापक समेत दो अन्य शिक्षकों पर पठन-पाठन में अनियमितता बरतने के आरोप लगाए गए हैं।
मामले को लेकर विभागीय स्तर पर कार्रवाई करते हुए तीनों शिक्षकों को निलंबित कर दिया गया है। छात्रा से जुड़े आरोप को लेकर विभाग की ओर से जांच के आधार पर कार्रवाई की गई है।
छात्र को पीटने और पढ़ाई में लापरवाही पर प्रधानाध्यापक सस्पेंड
चौसा प्रखंड के बालिका मध्य विद्यालय रामपुर के प्रभारी प्रधानाध्यापक विपिन कुमार पर भी विभाग ने कार्रवाई की है। उन्हें निलंबित कर दिया गया है। उन पर पठन-पाठन में अनियमितता बरतने के साथ छात्रों के साथ मारपीट करने के आरोप हैं।
शिक्षा विभाग की ओर से स्कूलों में अनुशासन और पठन-पाठन की व्यवस्था को लेकर लगातार निगरानी की जा रही है। शिकायतों के बाद जांच और दोष पाए जाने की स्थिति में संबंधित शिक्षकों पर विभागीय कार्रवाई की जा रही है।
लोहे के स्केल और चप्पल से पिटाई के आरोप में प्रधानाध्यापिका निलंबित
बक्सर के आचार्य नरेंद्र देव मध्य विद्यालय की छात्राओं ने कुछ समय पहले प्रधानाध्यापिका और शिक्षिकाओं पर मारपीट तथा दुर्व्यवहार के आरोप लगाते हुए शिकायत की थी। छात्राओं का आरोप था कि प्रधानाध्यापिका ने लोहे के स्केल और चप्पल से उनकी पिटाई की।
शिकायत के बाद मामले की जांच कराई गई। जांच के बाद प्रधानाध्यापिका अंजु कुमारी को निलंबित कर दिया गया और उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू की गई है।
बक्सर में सरकारी स्कूलों से लगातार सामने आ रही शिकायतों के बाद शिक्षा विभाग की कार्रवाई पर अब सबकी नजर है। प्रशासन की ओर से स्कूलों में पठन-पाठन के साथ विद्यार्थियों की सुरक्षा और शिक्षकों के व्यवहार को लेकर निगरानी बढ़ाई जा रही है।
(बक्सर से गिरीशचंद्र की रिपोर्ट)

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

फरक्का जल संधि पर JDU का बड़ा अभियान, बक्सर से शुरू हुआ ‘नीतीश संवाद’

बेगूसराय में गंगा का बढ़ता जलस्तर, ग्राउंड पर पहुंचे CM सम्राट चौधरी; अधिकारियों के साथ कर रहे समीक्षा







