Bengal Election Result: ऐसा क्या हुआ कि बदल गई फाल्टा में रिजल्ट की तारीख, दोबारा चुनाव की क्यों आई नौबत!
4 मई को बंगाल के सभी विधानसभा क्षेत्रों के चुनाव परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे, सिवाय फाल्टा विधानसभा क्षेत्र के. दूसरे चरण में हुए मतदान के दौरान हुए हिंसक झड़प के बाद फिर से 23 मई को फाल्टा में मतदान कराए जा रहे हैं.

Bengal Election Result: पश्चिम बंगाल के फाल्टा विधानसभा क्षेत्र में दोबारा चुनाव कराए जा रहे हैं. साथ ही जहां बाकी के 293 विधानसभा क्षेत्रों का रिजल्ट पुनर्निधारित तारीख 4 मई यानी कल जारी किया जाएगा, वहीं फाल्टा में रिजल्ट पुनर्मतदान के बाद रिजल्ट की घोषणा होगी.
क्यों कराए जा रहे फिर से मतदान?
बंगाल चुनाव के दूसरे चरण का मतदान 29 अप्रैल को कराया जा रहा था. जिस दौरान फाल्टा विधानसभा क्षेत्र के साथ कई जगहों पर हिंसा और झड़प की खबरें आई. जिसके बाद चुनाव आयोग ने दोबारा मतदान कराए जाने का आदेश दिया. डायमंड हार्बर और मगराहाट पश्चिम के 15 बूथों पर 2 मई को रि-पोलिंग करा ली गई. वहीं दक्षिण 24 परगना जिले के फाल्टा विस के सभी 285 मतदान केंद्रों पर 23 मई को दोबारा मतदान कराए जाएंगे. जिसके बाद परिणाम अगले दिन यानी 24 मई को घोषित किए जाएंगे.
TMC प्रत्याशी जहांगीर और IPS अजयपाल का वीडियो हुआ था वायरल
फाल्टा विधानसभा सीट से TMC प्रत्याशी जहांगीर खान हैं. यहां चुनाव प्रचार के दौरान वोटरों को धमकाने की शिकायत पर ऑब्जर्वर बनाए गए यूपी के चर्चित IPS अजयपाल शर्मा का वीडियो भी वायरल हुआ था. जिसमें वो यह कहते दिखे, अच्छी तरह से समझ लें, किसी ने बदमाशी करी तो कायदे से इलाज किया जाएगा. कहीं से खबर आई कि किसी ने कोई खुराफात की, किसी को परेशानी करने की कोशिश की तो उसकी अच्छी से खबर ली जाएगी. जहांगीर (TMC प्रत्याशी) के घर वाले भी ये सुन लें. उसे बता देना. बार-बार खबरें आ रही हैं कि धमकाया जा रहा है. उसे बता देना, बाद में रोना-पछताना मत.
अजयपाल के इस वायरल धमकी भरे वीडियो के बाद टीएमसी ने भी तीखी प्रतिक्रिया दी थी. टीएमसी प्रत्याशी ने तो यहां तक कहा था कि वो (अजयपाल) अगर सिंघम है तो मैं भी पुष्पा हूं. वहीं टीएमसी प्रवक्ता ने कहा था कि आप पर हमारी नजर है. 4 मई को नतीजे के बाद आप चाहे जहां हो, आपको आपके किए की सजा मिलेगी.
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.






