बंगाल में दूसरे चरण का मतदान जारी, कई जगहों पर हिंसा; बीजेपी नेता पर हमला
बंगाल में चल रहे दूसरे चरण के मतदान के दौरान बसंती विधानसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार विकास सरदार पर टीएमसी कार्यकर्ताओं द्वारा हमला किए जाने की खबर आ रही है.

West Bengal Election 2026: पश्चिम बंगाल में 142 सीटों पर दूसरे चरण का मतदान जारी है. इस दौरान राज्य के कई विधानसभा क्षेत्रों पर हिंसक झड़प की खबर सामने आ रही है. बताते चलें कि पश्चिम बंगाल में पिछले करीब दो दशकों से यह रिकोर्ड रहा है कि यहां बिना हिंसा और मौत के चुनाव सम्पन्न नहीं हो पाता. 2021 के विधानसभा चुनाव के दौरान तीन सौ से अधिक हिंसक घटनाएं हुई थीं. साथ ही 58 लोगों की इसमें मौत भी हो गई थी.
भाजपा ने तृणमूल कांग्रेस (TMC) पर गुंडागर्दी और डराने-धमकाने का आरोप लगाया है, जबकि कई जगहों पर चुनावी प्रक्रिया में बाधा डालने की भी शिकायतें मिली हैं. हावड़ा, बसंती से लेकर नदिया तक हिंसक घटनाएं सामने आई हैं.
TMC कार्यकर्ताओं का BJP उम्मीदवार पर हमला
दक्षिण 24 परगना जिले की बसंती विधानसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार विकास सरदार ने टीएमसी कार्यकर्ताओं पर जानलेवा हमले का आरोप लगाया है. सरदार के मुताबिक, जब वे क्षेत्र का जायजा लेने निकले थे, तभी लगभग 200 से 250 टीएमसी कार्यकर्ताओं ने उनकी गाड़ी को घेर लिया. हमलावरों के पास लोहे की रॉड और डंडे थे. हमलावरों ने गाड़ी पर हमला बोल दिया.
विकास सरदार ने बताया कि इस हमले कार को नुकसान हुआ और उनके ड्राइवर के साथ भी मारपीट की गई. उन्होंने कहा, "पूरे निर्वाचन क्षेत्र में टीएमसी की गुंडागर्दी चल रही है. वे निष्पक्ष चुनाव नहीं होने देना चाहते."
बीजेपी पोलिंग एजेंट का फूटा सिर
नदिया जिले के छपरा विधानसभा क्षेत्र में देखने को मिला. यहां हतरा पंचायत के बूथ नंबर 52 पर भाजपा के पोलिंग एजेंट मुशर्रफ मीर को बेरहमी से पीटा गया. मीर के सिर पर गंभीर चोटें आई हैं और उन्हें छह टांके लगाने पड़े हैं. अस्पताल में भर्ती मीर ने बताया कि टीएमसी के कुछ लोग हथियारों के साथ छिपे हुए थे और अचानक उन पर हमला कर दिया.
पीड़ित एजेंट के अनुसार, हमलावरों में कुछ अपराधी भी शामिल थे जिनके पास बंदूकें थीं. उन्होंने पहले लोहे की रॉड से हमला किया और जब वे नीचे गिर गए, तो उन्हें लगातार पीटा गया. इस मामले में भाजपा सांसद जगन्नाथ सरकार ने कहा, "छपरा जैसे अल्पसंख्यक बहुल इलाकों में टीएमसी के संरक्षण में गुंडागर्दी हो रही है ताकि भाजपा के एजेंट बूथों पर न बैठ सकें."
EVM की खराबी और मतदान में देरी की शिकायतें
हिंसा के अलावा, दूसरे चरण के मतदान के दौरान तकनीकी खामियां भी सामने आई. उत्तर 24 परगना के बरानगर में बूथ नंबर 72 पर ईवीएम (EVM) मशीन खराब होने की शिकायत सामने आई.
लंबी कतारों में खड़े मतदाताओं ने नाराजगी जताते हुए कहा कि मशीन काम न करने की वजह से उन्हें काफी देर तक इंतजार करना पड़ा, जिससे वोटिंग की रफ्तार सुस्त पड़ गई. वहीं हावड़ा जिले में खबर है कि EVM में गड़बड़ी के कारण बाली क्षेत्र में झड़प हुई. इसके बाद CRPF जवानों ने दो लोगों को हिरासत में लिया है.
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.






