खाना बनाने को लेकर हुई कहासुनी, 6 साल के लव मैरिज में फन्दे से लटका मिला विवाहिता का शव
नालंदा के नूरसराय में खाना बनाने को लेकर कहासुनी के बाद विवाहिता की संदिग्ध मौत। कमरे में फंदे से लटका मिला शव। पुलिस आत्महत्या और हत्या दोनों एंगल से जांच कर रही है।


नालंदा: नूरसराय थाना क्षेत्र के नारी विशुनपुर गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। महिला का शव उसके घर के कमरे में गमछे के सहारे फंदे से लटका मिला। घटना के बाद मायके और ससुराल पक्ष के बीच तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि महिला ने आत्महत्या की या उसकी हत्या की गई।
मृतका की पहचान नारी विशुनपुर निवासी नवलेश कुमार की पत्नी जूली कुमारी उर्फ रिंकी देवी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि घटना से पहले घर में खाना बनाने को लेकर जूली और ससुराल पक्ष के बीच कहासुनी हुई थी। ससुराल वालों का कहना है कि विवाद मामूली था और इसके बाद जूली ने कथित तौर पर फंदे से लटककर जान दे दी।
खाना बनाने को लेकर हुई थी कहासुनी
मृतका की सास सुनीता देवी के मुताबिक, जूली से कोई बड़ा विवाद नहीं हुआ था। खाना बनाने को लेकर सिर्फ थोड़ी बहस हुई थी। इसके बाद वह घर से बाहर जाकर बैठ गई थीं। कुछ देर बाद उनके पोते ने कमरे के अंदर जाकर अपनी मां को फंदे से लटका देखा और इसकी जानकारी परिवार के लोगों को दी।
वहीं, घटना के बाद आसपास के लोगों के बीच महिला की गला दबाकर हत्या किए जाने की चर्चा भी है। हालांकि, पुलिस की ओर से फिलहाल हत्या की पुष्टि नहीं की गई है। ऐसे में मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होने की बात कही जा रही है।
6 साल पहले हुई थी लव मैरिज
बताया जाता है कि जूली कुमारी ने करीब छह साल पहले नवलेश कुमार से प्रेम विवाह किया था। दंपती के दो छोटे बच्चे हैं, जिनमें एक बेटा और एक बेटी शामिल हैं। जूली का मायका भी नूरसराय थाना क्षेत्र के दरुआरा गांव में बताया गया है। घटना की सूचना मिलते ही नूरसराय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
नूरसराय थानाध्यक्ष अरविंद कुमार ने बताया कि मामले में यूडी केस दर्ज कर जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की छानबीन कर रही है।
(नालंदा से वीरेंद्र कुमार की रिपोर्ट)

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.









