गुमला में धान बेचने निकले अधेड़ की हत्या, खेत के पास पड़ा मिला शव
घाघरा प्रखंड क्षेत्र के देवकी पिठवर टोली निवासी 45 वर्षीय विश्वनाथ उरांव की अज्ञात अपराधियों ने बेरहमी से हत्या कर दी और शव को खपराटोली के पास खेत किनारे फेंक दिया।

Gumla: घाघरा प्रखंड क्षेत्र के देवकी पिठवर टोली निवासी 45 वर्षीय विश्वनाथ उरांव की अज्ञात अपराधियों ने बेरहमी से हत्या कर दी और शव को खपराटोली के पास खेत किनारे फेंक दिया। गुरुवार की सुबह जब ग्रामीण शौच के लिए निकले, तब रास्ते में शव देखकर मामले का खुलासा हुआ। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
बुधवार शाम से लापता था ग्रामीण
ग्रामीणों से मिली जानकारी के मुताबिक, बुधवार को विश्वनाथ उरांव घर से एक बोरा धान बेचने के लिए निकला था। धान बेचने के बाद वह काफी नशे की हालत में देखा गया था। उसने पास की एक दुकान से चिकन खरीदकर उसे वहीं पकाने के लिए दिया था। उसकी हालत देखकर एक स्थानीय युवक ने परिजनों को खबर देकर उसे घर ले जाने की बात कही थी, लेकिन शाम को जब परिजन दुकान पहुंचे तो विश्वनाथ वहां से गायब मिला। रातभर खोजबीन के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं लगा था।
सुबह खेत के किनारे मिला शव
गुरुवार सुबह ग्रामीणों ने खपराटोली के समीप खेत के पास एक शव पड़ा देखा। परिजनों ने मौके पर पहुंचकर शव की शिनाख्त विश्वनाथ उरांव के रूप में की। शरीर पर गंभीर चोटों के निशान देखकर हत्या की आशंका जताई जा रही है।
मौके पर पहुंची पुलिस, साक्ष्य जुटाने में जुटी टीम
घटना की सूचना मिलते ही घाघरा थाना प्रभारी मोहन कुमार सिंह पुलिस बल के साथ फौरन मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके साथ ही घटनास्थल के आसपास हत्या में इस्तेमाल हथियार और अन्य तकनीकी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ के आधार पर मामले की हर बिंदु से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.






