चास नगर निगम दफ्तर की दराज से निकली शराब की बोतल, कंप्यूटर ऑपरेटर पर निलंबन की तलवार, Video वायरल
चास नगर निगम कार्यालय से जोड़कर सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहे एक वीडियो ने प्रशासनिक महकमे में हलचल तेज कर दी है।

Bokaro News: चास नगर निगम कार्यालय से जोड़कर सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहे एक video ने प्रशासनिक महकमे में हलचल तेज कर दी है। वायरल video में कार्यालय की टेबल की दराज में सरकारी फाइलों और जरूरी दस्तावेजों के स्थान पर शराब की बोतल रखी दिखाई दे रही है। इसके साथ ही दफ्तर में मौजूद एक कंप्यूटर ऑपरेटर को कथित तौर पर वह बोतल निकालते हुए देखा जा रहा है। हालांकि, यह video किस तारीख का है और कितना प्रामाणिक है, इसकी स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।
दराज खुलते ही निकली शराब की बोतल
सोशल मीडिया पर सामने आए इस वीडियो में एक दफ्तर का अंदरूनी हिस्सा दिखाई दे रहा है। टेबल की दराज खोली जाती है, तो उसमें फाइलों की जगह शराब की बोतल नजर आती है। इसके बाद वहां तैनात कंप्यूटर ऑपरेटर कथित रूप से उस बोतल को अपने हाथ में लेता दिखता है। मौके पर ऑपरेटर के अलावा दो अन्य अज्ञात लोग भी कुर्सियों पर बैठे नजर आ रहे हैं।
नगर आयुक्त सख्त, कंप्यूटर ऑपरेटर को निलंबित करने के निर्देश
मामले की जानकारी मिलते ही नगर आयुक्त संजीव कुमार ने कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने प्रथम दृष्टया मामले का संज्ञान लेते हुए संबंधित कंप्यूटर ऑपरेटर अशोक दास के खिलाफ विभागीय कार्रवाई करते हुए उन्हें निलंबित करने की बात कही है। नगर आयुक्त ने स्पष्ट किया है कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी, ताकि वीडियो की सत्यता और इसमें दिख रहे अन्य लोगों की भूमिका पूरी तरह स्पष्ट हो सके।
मेयर ने नकारा, बोले निगम दफ्तर का नहीं है यह video
दूसरी ओर, इस वायरल फुटेज को लेकर नगर निगम के भीतर ही विरोधाभासी बयान सामने आ रहे हैं। चास नगर निगम के मेयर भोलू पासवान ने इस video के नगर निगम कार्यालय से संबंधित होने के दावे को सिरे से खारिज कर दिया है। मेयर के इस बयान के बाद यह सवाल गहरा गया है कि यदि यह video निगम दफ्तर का नहीं है, तो फिर किस जगह का है और उसमें दिख रहे अन्य दो व्यक्ति कौन हैं।

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.






