रात 3 बजे गायब हुआ साढ़े 3 महीने का बच्चा, दोपहर में खेत के गड्ढे से मिला शव
बेतिया के साठी थाना क्षेत्र में माता-पिता के बीच सो रहे साढ़े तीन महीने के मासूम के गायब होने के बाद उसका शव घर से 200 मीटर दूर धान के खेत के गड्ढे से मिला।


बेतिया: पश्चिम चंपारण के साठी थाना क्षेत्र से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। पोईया खापटोला गांव में माता-पिता के बीच सो रहे साढ़े तीन महीने के मासूम गोल्डन कुमार के देर रात कथित अपहरण और हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई।
बताया जा रहा है कि रात करीब 3 बजे परिजनों की नींद खुली तो मासूम अपने बिस्तर से गायब था। अचानक बच्चे के गायब मिलने से परिवार में हड़कंप मच गया। परिजनों ने आसपास काफी तलाश की, लेकिन बच्चे का कोई पता नहीं चला। इसके बाद घटना की सूचना साठी थाना पुलिस को दी गई।
खोजी कुत्तों से भी कराई गई तलाश
सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आसपास के इलाकों में बच्चे की तलाश शुरू की। पुलिस ने सुराग जुटाने के लिए खोजी कुत्तों की मदद भी ली, लेकिन तत्काल कोई ठोस सुराग नहीं मिल सका। पुलिस के लौटने के बाद दोपहर में घर से महज 200 मीटर दूर धान के खेत में स्थित एक गड्ढे से मासूम का शव बरामद किया गया। शव मिलने की खबर सामने आते ही गांव में मातम पसर गया।
मासूम की मौत से परिवार में कोहराम
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। SDPO जयप्रकाश सिंह और साठी थाना पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी। पुलिस इस बात की पड़ताल कर रही है कि मासूम को घर से कौन उठाकर ले गया और उसकी हत्या किस वजह से की गई। घटना के पीछे किसी पुरानी रंजिश या अन्य कारण की भी जांच की जा रही है। फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच में जुटी है। वहीं, मासूम की मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

बिहार में देर रात ‘तबादला एक्सप्रेस’! 83 अफसर इधर से उधर, शेखपुरा-मोतिहारी समेत कई जिलों में बड़ा फेरबदल

मंदिर धोया गया...’ दलितों से भेदभाव पर जीतन राम मांझी का बड़ा बयान,







