नकली पुलिस बनकर ठगे 19 करोड़!, 20 राज्यों में CBI की एकसाथ छापेमारी
देशभर में लोगों को डरा-धमकाकर डिजिटल अरेस्ट करने वाले बड़े गिरोह के खिलाफ केंद्रीय जांच ब्यूरो यानी CBI ने बड़ा एक्शन लिया है।
New Delhi: देशभर में लोगों को डरा-धमकाकर डिजिटल अरेस्ट करने वाले बड़े गिरोह के खिलाफ केंद्रीय जांच ब्यूरो यानी CBI ने बड़ा एक्शन लिया है। जांच एजेंसी ने अलग-अलग राज्यों में दर्ज मामलों की जांच करते हुए देश के 20 राज्यों में कुल 89 जगहों पर एक साथ जबरदस्त छापेमारी की। इस पूरे ऑपरेशन के दौरान तीन शातिर जालसाजों को गिरफ्तार किया गया है, जो इस सिंडिकेट के लिए पैसों के लेन-देन और मनी लॉन्ड्रिंग का काम संभाल रहे थे।
इस गिरोह ने अलग-अलग राज्यों में लोगों को महीनों तक डिजिटल अरेस्ट में रखकर 42 करोड़ रुपये से ज्यादा की ठगी की है। पहले मामले में BITS पिलानी से जुड़े एक पीड़ित को फर्जी पुलिस अफसर बनकर तीन महीने तक डिजिटल अरेस्ट रखा गया और उससे 7.67 करोड़ रुपये ऐंठ लिए गए। इसी तरह गुजरात में एक शख्स को तीन महीने तक डिजिटल बंधक बनाकर 19.24 करोड़ रुपये लूटे गए, जबकि कर्नाटक के एक पीड़ित को एक महीने तक डराकर 15.45 करोड़ रुपये की चपत लगाई गई।
CBI की इस कार्रवाई का मकसद ठगी के पैसों का पता लगाना, इस पूरे सिंडिकेट को चलाने वाले मास्टरमाइंड्स तक पहुंचना और सबूतों को मिटने से पहले बचाना था। पकड़े गए तीनों आरोपियों की पहचान हरियाणा के आकाश, कोलकाता के राजा करमाकर और ज्योति रानी के रूप में हुई है। जांच में सामने आया कि ये तीनों ठगी की रकम को अलग-अलग बैंक खातों में मंगाने और फिर उसे तुरंत दूसरे खातों में ट्रांसफर करने यानी लेयरिंग का काम करते थे।
हरियाणा के आकाश के खाते में 1.95 करोड़ रुपये आए थे, जिसे उसने उसी दिन दूसरे खातों में भेज दिया था। वहीं कोलकाता के राजा करमाकर की कंपनी के खाते में 1.5 करोड़ रुपये ट्रांसफर किए गए थे। तीसरी आरोपी ज्योति रानी के खाते में भी ठगी के पैसे पहुंचे थे, जिसमें से कुछ हिस्सा उसने कैश निकाला और बाकी दूसरे खातों में डाल दिया।
छापेमारी के दौरान CBI ने भारी तादाद में बैंक खाते से जुड़े कागजात, पासबुक, चेकबुक, मोबाइल फोन, लैपटॉप और कई डिजिटल डिवाइस जब्त किए हैं। एजेंसी अब इन सभी डिवाइसेज की फोरेंसिक जांच करा रही है ताकि गिरोह के तकनीकी नेटवर्क और विदेशी कनेक्शन का पता लगाया जा सके। साथ ही इस बड़े नेटवर्क से जुड़े बाकी जालसाजों को पकड़ने के लिए पुलिस और जांच एजेंसियां लगातार दबिश दे रही हैं।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

मुसलमानों के बिना अधूरा है 'हिंदू राष्ट्र'..., मैडिसन स्क्वायर से मोहन भागवत का बड़ा बयान वायरल!

पेड़ से बांधकर जिंदा जलाया, 54 दिन बाद टूटी सांसें, चंडीगढ़ में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर की दर्दनाक मौत ; लिव-इन पार्टनर पर...







