15 साल की शादी, फिर दूसरी शादी और अब तीसरी के साथ फरार पति! जानिए पूरी कहानी
जहानाबाद में दोनों महिलाओं का आरोप है कि पति तीसरी महिला के साथ हरियाणा चला गया है। न्याय की गुहार लेकर दोनों पत्नियां पुलिस के पास पहुंचीं।


जहानाबाद: जिले में पति-पत्नी के रिश्ते से जुड़ा एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक व्यक्ति पर अपनी दो पत्नियों और चार बच्चों को छोड़कर कथित तौर पर तीसरी महिला के साथ चले जाने का आरोप लगा है। पति के अचानक लापता होने के बाद दोनों पत्नियां न्याय की गुहार लेकर नगर थाना और पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचीं। उन्होंने पुलिस से पति की तलाश कराने और परिवार के लिए उचित कार्रवाई की मांग की है।
मामला जिला मुख्यालय के मलहचक मोड़ स्थित पानी टंकी इलाके का बताया जा रहा है। पीड़िता रिंकू देवी के मुताबिक, करीब 15 वर्ष पहले उसकी शादी शकूराबाद थाना क्षेत्र निवासी राजू लाल से हुई थी। शादी के बाद दोनों के दो बेटे हुए। राजू लाल होटल में काम करता था।
पहली पत्नी की सहमति से हुई थी दूसरी शादी
रिंकू देवी का दावा है कि होटल में काम करने के दौरान राजू लाल का खुशबू नाम की महिला से संपर्क बढ़ा और दोनों के बीच प्रेम संबंध हो गया। इसकी जानकारी मिलने के बाद पति-पत्नी के बीच विवाद होने लगा। रिंकू के अनुसार, बाद में उसकी सहमति से करीब आठ साल पहले राजू लाल ने खुशबू से भी शादी कर ली।
बताया गया कि इसके बाद दोनों महिलाएं एक साथ रहने लगीं। खुशबू से भी राजू लाल की दो बेटियां हुईं। दोनों महिलाओं का कहना है कि राजू उन्हें मलहचक पानी टंकी के पास किराए के मकान में रखता था और बारी-बारी से दोनों के साथ रहता था। इसी तरह परिवार चल रहा था।
तीसरी महिला से संपर्क को लेकर घर में होने लगा विवाद
दोनों महिलाओं के मुताबिक, कुछ समय बाद राजू लाल का होटल में काम करने वाली जूली नाम की महिला से संपर्क बढ़ने लगा। मोबाइल पर बातचीत को लेकर घर में अक्सर विवाद होने लगा। महिलाओं का आरोप है कि बुधवार को होटल में काम करने के दौरान राजू लाल अचानक लापता हो गया। काफी तलाश करने के बाद भी उसका कोई पता नहीं चला। दोनों पत्नियों का दावा है कि वह जूली के साथ हरियाणा चला गया है। दोनों महिलाएं कथित तौर पर जूली के जोलबीघा स्थित घर भी पहुंचीं। उनके मुताबिक, वहां जूली के परिजनों से पूछताछ करने पर पता चला कि जूली के पहले से दो बच्चे हैं और वह राजू लाल के साथ हरियाणा चली गई है।
चार बच्चों की जिम्मेदारी को लेकर परेशान दोनों महिलाएं
पति के अचानक चले जाने के बाद दोनों पत्नियां और उनके चार बच्चे परेशान हैं। महिलाओं का कहना है कि अब परिवार की पूरी जिम्मेदारी उनके ऊपर आ गई है। इसी वजह से उन्होंने पुलिस से राजू लाल की तलाश कराने और मामले में उचित कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल मामले में राजू लाल और कथित तीसरी महिला जूली का पक्ष सामने नहीं आया है। दोनों महिलाओं की ओर से लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि भी नहीं हुई है। पुलिस की जांच और संबंधित पक्षों के बयान के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
(जहानाबाद से बरुण कुमार की रिपोर्ट)

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

पटना में आज रात गंगा पार कर सकती है Highest Flood Level, 8 जिलों में अलर्ट

त्योहारों से पहले रेलवे का बड़ा तोहफा, इन ट्रेनों में बढ़ेंगे AC कोच; अब मिलेगा ज्यादा कन्फर्म टिकट







