धुर्वा डैम में युवक ने की आत्महत्या, पहली बार बचाए जाने के बाद दोबारा आकर दे दी जान
रांची के धुर्वा डैम में एक युवक ने मौत को गले लगा लिया. एक बार बोटिंग स्टाफ ने की सूझबूझ और बहादुरी के कारण युवक की जान बचा ली गई थी, लेकिन रात के अंधेरे में आकर उसने दोबारा आत्महत्या की कोशिश की और इस बार उसे बचाया न जा सका.

Jharkhand (Ranchi): राजधानी के धुर्वा डैम से सोमवार की सुबह एक आत्महत्या का मामला सामने आया है. एक युवक ने आत्मघाती कदम उठाते हुए डैम में कूदकर अपनी जान दे दी. गौर करने वाली बात यह है कि इसी युवक ने रविवार दोपहर को भी डूबकर जान देने की कोशिश की थी, लेकिन तब वहां मौजूद बोटिंग कर्मियों ने उसे बचा लिया था, हालांकि, मौत को गले लगाने का इरादा कर चुके इस युवक ने रात के अंधेरे में दोबारा वही कदम उठाया और इस बार उसकी जान नहीं बचाई जा सकी.
पलामू का रहने वाला था मृतक
मृतक की पहचान सैयेम अंसारी के रूप में हुई है. वह मूल रूप से पलामू जिले के पांकी का निवासी था, लेकिन वर्तमान में रांची के लेक रोड स्थित एक किराए के मकान में रहकर गुजर-बसर कर रहा था. पुलिस फिलहाल उसके आत्महत्या के कारणों का पता लगाने में जुटी है.
बोटिंग स्टाफ ने दिखाई थी बहादुरी, पर टली नहीं अनहोनी
घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार, सैयेम रविवार दोपहर को पहली बार धुर्वा डैम पहुंचा और गहरे पानी में छलांग लगा दी. वहां तैनात बोटिंग स्टाफ अजय उरांव और विकास तिर्की की नजर उस पर पड़ी. दोनों ने अपनी जान जोखिम में डालकर उसे डूबने से बचाया और सुरक्षित बाहर निकाला. बोटिंग स्टाफ ने बात करने पर बताया कि हमने उसे पानी से बाहर निकालकर काफी समझाया-बुझाया था. वह काफी परेशान दिख रहा था. काउंसलिंग के बाद उसे घर भेज दिया गया था, लेकिन हमें नहीं पता था कि वह दोबारा ऐसा करेगा. बचाए जाने के बाद भी सैयेम का इरादा नहीं बदला. रविवार की देर रात वह फिर से चुपचाप धुर्वा डैम पहुंचा और पानी में कूद गया. रात का वक्त होने के कारण वहां कोई मौजूद नहीं था, जिससे उसे बचाया नहीं जा सका. सोमवार सुबह जब स्थानीय लोगों ने पानी में एक शव तैरता देखा, तो इलाके में सनसनी फैल गई.
पुलिस की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से शव को बाहर निकाला. पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
रिपोर्ट: राजेश सिंह
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

गिरिडीह में माले नेताओं का पुलिस के विरुद्ध प्रदर्शन, सरिया हत्याकांड मामले में फरार मुखिया की जल्द गिरफ्तारी की मांग

मिरुडीह में अवैध अंग्रेजी शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़, भारी मात्रा में नकली शराब बरामद






