Rajya Sabha Election 2026: राज्यसभा चुनाव के लिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने नामांकन पत्र दाखिल कर दिया है. उन्होंने कहा है कि पिछले 2 दशकों से राज्यसभा जाने की इच्छा थी. वे चाहते थे कि बिहार के दोनों सदनों के साथ संसद के भी दोनों सदनों का सदस्य बने. इसके साथ ही नीतीश कुमार ने यह भी कहा कि बिहार में जो भी नई सरकार बनेगी उसको पूरा सहयोग और मार्गदर्शन रहेगा. बता दें, बिहार विधानसभा में आज, गुरुवार (5 मार्च 2026) को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की मौजूदगी में नीतीश कुमार सहित एनडीए के 5 प्रत्याशियों ने भी अपना नामांकन पत्र दाखिल किया.
इधर, इन सबके बीच बिहार की राजनीतिक गलियारों में अब भारी बवाल की स्थिति उत्पन्न हो गई है. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा सांसद बनने के बाद बिहार की राजनीति में अब एक युग का अंत हो गया. आज बिहार की सियासत ने एक नया ऐतिहासिक मोड़ ले लिया है 'सुशासन बाबू' के नाम से मशहूर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अपना पद छोड़ने जा रहे हैं, काफी लंबे समय तक बिहार की कमान संभालने के बाद अब उन्होंने केंद्र की राजनीति का रुख किया है.
BJP से कौन होगा बिहार का CM ?
बता दें, बीते वर्ष 2025 के नवंबर में बिहार विधानसभा का चुनाव हुआ था जिसमें NDA (National Democratic Alliance) ने प्रचंड बहुमत के साथ जीत हासिल की थी वहीं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पद छोड़ने के बाद अटकलें तेज हो गई है कि BJP (भारतीय जनता पार्टी) का कोई नेता बिहार की कमान संभाल सकता है. अगर ऐसा होता है तो बिहार को पहली बार BJP का मुख्यमंत्री मिलेगा. आपको बता दें, हिन्दी पट्टी के राज्यों में एकमात्र बिहार ही एक ऐसा राज्य है जहां बीजेपी का अबतक मुख्यमंत्री नहीं रहा है.
16 मार्च 2026 को होगा राज्यसभा का मतदान
16 मार्च को बिहार से राज्यसभा की 5 सीटों पर मतदान होगा, जिसके लिए आज, गुरुवार (5 मार्च 2025) को नामांकन पर्चा भरने का अंतिम तिथि था. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने को लेकर जेडीयू के नेता और कार्यकर्ता पटना स्थित मुख्यमंत्री आवास पहुंचे जहां उन्होंने इसका विरोध किया. कई कार्यकर्ता तो भावुक नजर आए. और वे नीतीश कुमार के इस फैसले का विरोध करते हुए भी दिखे. कार्यकर्ताओं ने कहा कि अगर नीतीश नहीं रहेंगे, तो हम रहकर क्या करेंगे. उन्हें बिहार छोड़कर दिल्ली नहीं जाना चाहिए.
डिप्टी सीएम बन सकते हैं नीतीश के बेटे निशांत
हालांकि, कयास इस बात का भी लगाया जा रहा है कि इंजीनियरिंग से ग्रेजुएट नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार बिहार की नई सरकार में डिप्टी सीएम बन सकते हैं वहीं मुख्यमंत्री पद के लिए दावेदार माने जा रहे बिहार के डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने नीतीश के फैसले पर उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दी. उन्होंने अपने सोशल साइट एक्स पर पोस्ट साझा करते हुए लिखा है ''मुख्यमंत्री @NitishKumar जी को राज्यसभा चुनाव -2026 हेतु जद (यू) से उम्मीदवार घोषित किए जाने पर अनंत बधाई एवं शुभकामनाएं. आपका दूरदर्शी नेतृत्व, सुशासन के प्रति अटूट प्रतिबद्धता और बिहार के समग्र विकास के लिए आपका सतत प्रयास हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है. विश्वास है कि आपके अनुभव और नेतृत्व से राज्यसभा की गरिमा और भी सुदृढ़ होगी.''








