Jharkhand Weather: झारखंड में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है. मौसम विभाग के अनुसार झारखंड में अगले चार दिन आंधी-तूफान, बिजली और ओलावृष्टि से भरे रहने की संभावना जताई जा रही है. हवाएं 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने की आशंका है. बताया जा रहा है कि राज्य में 15 से 18 मार्च तक गरज-चमक और बारिश की संभावना है.
आज कैसा रहेगा मौसम का हाल
15 मार्च को राज्य के उत्तरी भागों को छोड़कर अधिकांश क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ आंधी चल सकती है. इस दौरान हवा की गति 40–50 किमी प्रति घंटा तक रहने की संभावना है. देवघर, धनबाद, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़, साहिबगंज, कोडरमा, बोकारो, रामगढ़, हजारीबाग और चतरा जिलों में कहीं-कहीं ओलावृष्टि के साथ तेज आंधी (50–60 किमी प्रति घंटा) चलने का भी अनुमान है.
16 मार्च: पूर्वी और दक्षिणी जिलों में असर
16 मार्च को खूंटी, पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां और पश्चिमी सिंहभूम जिलों में गरज-चमक के साथ तेज आंधी चलने की संभावना है. यहां हवा की गति 50–60 किमी प्रति घंटा तक पहुंच सकती है. वहीं चतरा, गढ़वा, लोहरदगा, सिमडेगा, पलामू, गुमला और लातेहार जिलों में 40–50 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं.
17–18 मार्च: लगभग पूरे राज्य में मौसम खराब
17 मार्च को राज्य के लगभग सभी जिलों में गरज-चमक और 40–50 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से हवा चलने की संभावना जताई गई है. वहीं 18 मार्च को भी अधिकांश जिलों में आंधी-तूफान और बिजली गिरने की आशंका बनी रहेगी.
फसलों और लोगों पर असर
मौसम विभाग के अनुसार ओलावृष्टि से आम, सब्जी और रबी फसलों को नुकसान हो सकता है. तेज आंधी से पेड़ गिरने, बिजली बाधित होने और खुले स्थानों पर मौजूद लोगों व मवेशियों के घायल होने का खतरा भी बना रहता है.
लोगों को सावधानी बरतने की सलाह
- मौसम विभाग ने लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है.
- आंधी-तूफान के दौरान घर के अंदर रहें और खिड़की-दरवाजे बंद रखें.
- बिजली चमकने के समय पेड़ के नीचे या खुले मैदान में खड़े न हों.
- अनावश्यक यात्रा से बचें.
- खेतों में काम कर रहे किसान सुरक्षित स्थान पर शरण लें.
- बिजली से चलने वाले उपकरणों से दूरी बनाए रखें.
मौसम विभाग ने किसानों को भी सलाह दी है कि फसल और कृषि उत्पादों को सुरक्षित स्थान पर रखें ताकि तेज हवा और ओलावृष्टि से होने वाले नुकसान को कम किया जा सके.






