Jharkhand Assembly Budget Session: झारखंड विधानसभा बजट सत्र का आज, शनिवार (14 मार्च 2026) को 14वां दिन है. सदन की कार्यवाही शुरू होने से पहले बीजेपी के विधायकों ने जमकर हंगामा किया. इस दौरान बीजेपी विधायकों ने हेमंत सरकार के खिलाफ पेयजल एवं स्वच्छता विभाग में कथित गड़बड़ी और जल-नल योजना को लेकर विधानसभा परिसर के बाहर जोरदार प्रदर्शन और नारेबाजी की. ''नल में जल नहीं, जल में हैं घोटाला। पानी के नाम पर है भ्रष्टाचार का बोलबाला''...''हेमंत सरकार पानी दो''...लिखे हुए पोस्टर बैनर लेकर विधायकों ने सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया.
बीजेपी विधायकों ने आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार ने हर घर तक नल से स्वच्छ पानी पहुंचाने का वादा किया था, लेकिन अब तक कई जगहों पर लोगों को इसका लाभ नहीं मिल रहा है और योजना में अनियमितताएं सामने आ रही हैं.
वहीं राज्य सरकार के मंत्री हफीजुल अंसारी ने PHED में गड़बड़ी के आरोपों को जांच का विषय बताया है. उन्होंने कहा कि जहां भी गड़बड़ी की शिकायतें हैं उनकी जांच कराई जाएगी. उन्होंने यह भी कहा कि इस योजना के लिए केंद्र सरकार की ओर से मिलने वाला बकाया पैसा अभी तक राज्य को नहीं मिला है, जिससे काम प्रभावित हो रहा है.
बता दें, आज के सत्र में कई अहम मुद्दों पर चर्चा होनी है. सुबह सदन की कार्यवाही शुरू होने के बाद लंबित ध्यानाकर्षण प्रस्तावों पर चर्चा होगी. इसके बाद पेयजल एवं स्वच्छता विभाग यानी PHED के बजट पर सदन में विचार-विमर्श किया जाएगा. साथ ही मद्य निषेध विभाग के बजट पर भी चर्चा प्रस्तावित है.
पूरे झारखंड में लोग जल के लिए परेशान- विधायक शत्रुघ्न महतो
बीजेपी विधायक शत्रुघ्न महतो ने कहा कि हेमंत सोरेन सरकार जब से बनी है तब से जो भी योजनाएं चल रही है वो सभी योजनाएं रघुवर सरकार के समय चालू हुई थी. कई बड़ी योजनाएं शुरू की गई थी लेकिन हेमंत सरकार ने उन योजनाओं को बंद कर दी है. वर्तमान समय में जो भी योजनाओं चालू है उसमें बिना कार्य हुए पैसों की निकासी हो चुकी है. सरकार ने वादा किया था कि 2019 से लेकर अभी तक हर घर में जल-नल की व्यवस्था करेंगे लेकिन सरकार इन सब में फेल है. पूरे झारखंड में लोग जल के लिए परेशान है अभी कुछ दिनों में गर्मी शुरू हो जाएगी लेकिन सरकार की तरफ से जल को लेकर कोई व्यवस्था नहीं की गई है.
राज्य में पानी के लिए हाहाकार- विधायक शशिभूषण
बीजेपी शशिभूषण मेहता ने हेमंत सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि इस सरकार को सर और पेट में दर्द होता तो इसका दोष वे केंद्र पर थोपते हैं. पांकी के मनातू इलाका में आज के 4 साल पहले दिखा दिया कि जल नल योजना थरातल पर आ गया और पानी चल रहा लेकिन यहां 10 फीसदी काम भी पूरा नहीं हो पाया है. कहीं पाइप नहीं लगा है कहीं बोरिंग नहीं हुआ लेकिन काम पूरा दिखा दिया गया. राज्य सरकार द्वारा घपला बाजी और घोटाला बाजी किया गया है करोड़ों रुपए का बंदरबांट किया गया है राज्य में पानी के लिए हाहाकार मचा है.
हम जनता को शुद्ध पानी पिला रहे- मंत्री संजय यादव
वहीं बीजेपी के प्रहारों का जवाब देते हुए मंत्री संजय यादव ने कहा कि 17 साल तक बीजेपी ने राज्य के लिए कुछ नहीं किया, पहले तो उन्हें इसका जवाब देना चाहिए. मंत्री ने कहा कि हम लोग जनता को शुद्ध पानी पिला रहे है जनता के बीच कहीं भी कोई शिकायत नहीं है. हालांकि, इस बार तापमान में बढ़ोतरी हो रही है. ऐसे में हम लोग पानी का समुचित व्यवस्था करेंगे. और पानी के लिए किसी तरह की किल्लत नहीं होने देंगे.
रिपोर्ट- यशवंत कुमार / नवीन शर्मा






