Nawada (Bihar): जिले के सीतामढ़ी थाना इलाके में भीषण सड़क हादसा हुआ है जिसकी चपेट में आने से तीन युवकों की दर्दनाक मौत हो गई है. बता दें, यह घटना थाना क्षेत्र के कटघारा ग्राम स्थित तरवा आहर के पास घटी है.
रिपोर्ट्स के मुताबिक, तीनों युवक R15 बाइक से अपने दोस्त के तिलक समारोह में शामिल होने के लिए अकबरपुर जा रहा थे. इसी बीच अचानक मोड़ के पास तेज रफ्तार की वजह से बाइक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे लगे एक बिजली के पोल से जा टकराई.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मौके पर ही तीनों युवक ने दम तोड़ दिया. मृतकों की पहचान प्रताप कुमार उर्फ विकास कुमार (पिता- विजय चौधरी), इंद्रन मांझी (पिता– राजेश मांझी) और सोनू कुमार उर्फ भोला चौधरी (पिता– सुनील चौधरी) के रूप में की गई है.
इधर, इस घटना की सूचना ग्रामीण समाजसेवी दीपक कुमार ने सीतामढ़ी थाना पुलिस को दी जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने तीनों के शव को अपने कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए नवादा सदर अस्पताल भेजा. साथ ही पुलिस ने घटनास्थल से बाइक जब्त कर ली है. वहीं, घटना के बाद मृतकों के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.
रिपोर्ट- सोनू सिंह








