सुबह जल्दी उठने की आदत, साबित हो सकती है स्वस्थ्य और समृद्ध जीवन की कुंजी
देर रात तक रील स्क्रॉल करना और सुबह देरी से उठने की आदत को अगर छोड़ना चाहते हैं, तो पढ़िए सुबह जल्दी उठने के फायदे क्या होते हैं.

LIFESTYLE: अंग्रेजी में एक बहुत प्रसिद्ध कहावत है- "अर्ली टू बेड, अर्ली टू राइज, मेक्स अ मैन हेल्दी, वेल्दी एंड वाइज". इसमें हम एक पहले सुधार करना चाहेंगे. यहां मेक्स अ मैन कहा गया है जबकि यह पुरुष-महिला सभी प लागू होता है. खैर, इस कहावत का तात्पर्य है कि जल्दी सोने और जल्दी उठने वाला व्यक्ति स्वस्थ, धनवान और बुद्धिमान बनता है. इसी कारण बड़े-बुजुर्ग हमेशा जल्दी उठने की कवायद करते नजर आते हैं. आजकल के रील (Reel) वाली तेजी से भागती दुनिया में लोगों को खुद पर भी ध्यान देने की फुरसत नहीं है. ऐसे में सिर्फ मोबाइल पर लगे रहना और रात में देरी से सोनाव्यक्ति के शारीरिक स्वास्थ्य पर तो प्रभाव डालता ही है, मानसिक स्वास्थ्य पर भी बुरा असर डालता है.
आइए हम समझने का प्रयास करते हैं कि सुबह जल्दी उठने के क्या सच में फायदे होते हैं, और अगर फायदे हैं तो क्या?
तनाव से मुक्ति
सुबह का समय शांत और स्ट्रेस फ्री होता है. इस वक्त उठने से आपको अपने दिन के बारे में सोचने का पूरा समय मिलता है. आप आराम से बैठकर अपने दिन भर का प्लान बना सकते हैं. सुबह के समय मौसम भी काफी खुशनुमा होता है. ऐसे में खुली हवा में बैठकर कुछ देर मेडिटेशन या डीप ब्रीदिंग एक्सरासइज करने से स्ट्रेस कम होता है और आपको मानसिक शांति मिलती है.
प्रोडक्टिविटी बढ़ती है
सुबह जल्दी उठने वाले लोगों को दिन में ज्यादा समय मिलता है. वे अपने दिन की शुरुआत औरों की तुलना में ज्यादा जल्दी करते हैं, जिससे वे अपने कामों को बेहतर तरीके से पूरा कर पाते हैं. उन्हें किसी भी काम के लिए हड़बड़ाहट नहीं होती और वे आराम से अपने सभी कामों को बेहतर ढंग से पूरा कर लेते हैं. सुबह के समय दिमाग भी फ्रेश होता है, जिससे काम करने की क्षमता बढ़ जाती है. इसलिए व्यक्ति बेहतर तरीके से फंक्शन कर पाता है.
पाचन तंत्र में सुधार
नियमित रूप से जल्दी उठने और समय पर नाश्ता करने से पाचन तंत्र (Digestive System) मजबूत होता है और वजन नियंत्रित रहता है. साथ ही जब नाश्ता समय पर करते हैं, तो दोपहर का खाना और उसी तरह रात्रि भोजन भी समय पर हो पाता है. जिससे पाचन क्रिया उचित रूप से क्रियाशील रहती है.
बेहतर नींद की गुणवत्ता
जब आप जल्दी उठते हैं, तो शरीर का प्राकृतिक चक्र (Circadian Rhythm) संतुलित रहता है, जिससे रात में समय पर और गहरी नींद आती है.
विटामिन डी का स्रोत
उगते सूरज की किरणें विटामिन डी का सबसे अच्छा प्राकृतिक स्रोत हैं, जो हड्डियों को मजबूत बनाने में मदद करती हैं. सुबह जल्दी सूरज की धूप लेना स्वास्थ्य के लिए किसी वरदान से कम नहीं है. यह न केवल शरीर को ऊर्जा देता है, बल्कि मानसिक स्वास्थ्य को सुधारने में भी बड़ी भूमिका निभाता है. सुबह की धूप के संपर्क में आने से मस्तिष्क में 'सेरोटोनिन' हार्मोन का उत्पादन बढ़ता है, जिसे 'फील गुड हार्मोन' कहा जाता है. यह आपके मूड को तुरंत बेहतर बनाता है.
पर्सनल ग्रोथ के अवसर
सुबह का समय अपनी पर्सनल डेवलप्मेंट के लिए देने के लिए सबसे बेस्ट होता है. आप इस समय किताबें पढ़ सकते हैं, नई स्किल्स सीख सकते हैं या अपने गोल्स के बारे में सोच सकते हैं. जो लोग सुबह जल्दी उठकर अपने लिए समय निकालते हैं, वे जीवन में तेजी से आगे बढ़ते हैं.
ब्रह्म मुहुर्त में उठना कितना लाभप्रद
ब्रह्म मुहूर्त (सूर्योदय से 1.5 घंटा पूर्व) में उठना मानसिक शांति, तीव्र एकाग्रता और बेहतर स्वास्थ्य के लिए सर्वोत्तम है. इस समय शुद्ध ऑक्सीजन और सकारात्मक ऊर्जा का स्तर अधिक होता है, जो तनाव कम कर शरीर को दिनभर ऊर्जावान और निरोगी बनाए रखता है. साथ ही ब्रह्म मुहुर्त यानी सुबह 3 से 5 बजे के बीच उठकर पढ़ाई करने से दिन भर के मुकाबले कई गुणा अधिक लाभदायक माना जाता है. क्योंकि इस वक्त भटकाव कम होता है और माहौल में गहरी शांति रहती है.
इन सब फायदों को दरकिनार कर अगर आप देर रात तक काम करने या पढ़ने के आदि हैं, तो काम में या परीक्षाओं में सफलता तो मिल सकती है. लेकिन एक समय के बाद आपकी देर रात तक जगने और सुबह देर से उठने की आदत का प्रभाव आपके स्वास्थ्य पर पड़ता नजर आने लगता है. ऐसे में न चाहते हुए भी आपको खुद को ठीक रखने के लिए इस आदत की ओर जाना ही होगा. इससे अच्छा है कि बुरा प्रभाव पड़ने से पहले ही अपनी आदतों में सुधार कर लें. क्योंकि वो कहते हैं न- "प्रिकॉसंस इज बेटर दैन क्योर", यानी इलाज से बेहतर होता है बचाव.
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.






